गाली-गलौज करके स्टे लगने का हवाला दिया, बाद में पहुंची पुलिस

अंबिकापुर। शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास स्थित रिंग बांध तालाब में पाटे गए मिट्टी को हटाने की कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे लोगों ने न सिर्फ गालीगलौज करके भयादोहन करने का प्रयास किया, बल्कि स्टे लगने का हवाला देकर एक्सीवेटर के माध्यम से ट्रैक्टरों में लोड किए गए मिट्टी को वहीं पर गिरवाकर एक्सीवेटर सहित अन्य वाहन चालकों को निकल जाने कहा। इनके द्वारा मारपीट की दी जा रही धमकी से भयभीत होकर वाहन चालक मौके से निकलने में ही भलाई समझे। बाद में निगम, राजस्व की टीम के साथ पुलिस पहुंची और मिट्टी हटाने का काम पुन: प्रारंभ किया गया। इधर निगम के जिम्मेदारों का कहना है कि, निगम कमिश्नर व एसडीएम के निर्देश पर वे कार्रवाई करने के लिए गए थे। इस जमीन पर स्टे नहीं लगा है। बिना निगम की अनुमति के कब्जाधारियों द्वारा तालाब की 57 डिसमिल जमीन को मिट्टी से पाट दिया गया था। इसके बाद प्रशासन ने शहर के सभी तालाबों से अतिक्रमण हटाने की बात कही थी। निगम की सामान्य सभा में भी यह मुद्दा उठा था।

बता दें कि, शहर के रिंग बांध तालाब पर 57 डिसमिल जमीन कब्जे का मामला गरमाने के बाद अन्य तालाबों के घटते दायरे को लेकर कई प्रकार के आरोप-प्रत्यारोप लगते आ रहे हैं। प्रशासन, निगम और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण कब्जाधारियों की बल्ले-बल्ले रही, वहीं जमीन का कारोबार करने वालों के हौसले भी बुलंद थे। आलम यह रहा कि कई तालाबों पर कब्जा हो चुका है, और जलजमाव का दायरा घट गया है। इसी क्रम में रिंग बांध के तालाब को पाटकर कुछ लोगों के द्वारा कब्जा करने का मामला सामने आने के बाद मिट्टी भराव के काम में रोक लगी थी। वहीं तीन दिन पूर्व ही प्रशासन ने शहर के भाथुपारा तालाब पर कथित रूप से किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया है, और मिट्टी के पटाव को एक्सीवेटर लगाकर हटवाया था। इसे एक होटल के संचालक द्वारा मिट्टी डालकर पाट ने के साथ चारों तरफ बाउंड्रीवाल करा दिया था। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने बैठक लेकर शहर के सभी तालाबों के सौंदर्यीकरण कराने का निर्णय लिया था, ताकि कोई उस पर कब्जा न कर सके।

इसी क्रम में निगम कमिश्नर के निर्देश पर उड़नस्ता टीम मो. इमरान के नेतृत्व में शनिवार को रिंग बांध तालाब से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। तालाब में पाटी गई मिट्टी हटाने के लिए मौके पर 3 एक्सीवेटर, 2 डंपर व 5 ट्रैक्टर लगाए गए थे। इसी बीच किसी की सूचना पर कुछ कब्जाधारी वहां पहुंच गए, और निगम कर्मियों से सवाल किया कि, किसके कहने पर तुम लोग मिट्टी निकाल रहे हो? इनके द्वारा गाली देते हुए निगम कर्मियों को डंडे से मारने की धमकी दी गई, और अधिकारी को बुलाओ, डंडा लेकर आओ, जैसी टिप्पणी करने से दहशत की स्थिति बन गई। इन्होंने जमीन पर स्टे लगने की बात कहते हुए एक्सीवेटर, डंफर व ट्रैक्टर के चालक सहित निगम अमले को भाग जाने के लिए कहा। इस दौरान ट्रैक्टर में लदी मिट्टी को भी उन्होंने वापस गिरवाया। निगम कर्मी ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। इधर कब्जाधारियों की धमकी से डरे निगम कर्मी व ड्राइवर वहां से रवाना हो गए। बाद में राजस्व, निगम व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, और रिंग बांध में पाटी गई मिट्टी को हटाने की कार्रवाई की गई।

 

Categorized in: