आबकारी की टीम ने 4 सौदागरों से 396 नग नशीला इंजेक्शन जब्त किया, 3 जेल दाखिल

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने 4 नशे के सौदागरों से 396 नग नशीला इंजेक्शन जब्त किया है, इसकी कीमत दो लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद पकड़ में आया एक इंजेक्शन विक्रेता आबकारी की टीम को चकमा देकर फरार हो गया।

सहायक जिला अधिकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि, 29 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर थाना गांधीनगर अंतर्गत 4 नशीले इंजेक्शन के व्यापारियों पर कार्रवाई की गई। बलरामपुर जिला के राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम कर्रा निवासी अक्षय जायसवाल को आसडांड घंघरी बाजार के पास पकड़ा गया, इसके कब्जे से 120 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन व 120 नग एविल इंजेक्शन जब्त किया गया, इसकी कीमत लगभग एक लाख 20 हजार रुपये है। इसी क्रम में शाम को की गई कार्रवाई में मूलत: बिहार निवासी ओम उर्फ शौर्य पाठक के सरगवां स्थित किराए के मकान में दबिश देकर उसके कब्जे से 38 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 38 नग एविल इंजेक्शन जब्त किया, इसकी कीमत लगभग 38 हजार रुपये है। कार्रवाई के बाद ओम पाठक आबकारी स्टाफ को लघुशंका के बहाने चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी पतासाजी की जा रही है। आरोपी के खोजबीन में लगी आबकारी की टीम फरार आरोपी के छिपे होने की संभावना पर पीजी कॉलेज ग्राउंड में पहुंची तो यहां दो संदिग्ध खड़े मिले, जो शासकीय वाहन के रुकने पर हड़बड़ाने लगे। पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों राजपुर जिला बलरामपुर के रहने वाले विवेक कुमार सोनी और प्रिंस एक्का हैं। तलाशी के दौरान इनके पास एक झोले में 40 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 40 नग एविल इंजेक्शन मिला, इसका बाजार मूल्य लगभग 40 हजार रुपये है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को न्यायालय से रिमाण्ड लेकर जेल दाखिल कर दिया गया है, फरार ओम पाठक की तलाश में टीम लगी है।

‘ऑपरेशन क्लीन के तहत ‘जीरो टॉलरेंस नीति
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि, जिला आबकारी अधिकारी इंद्रबली सिंह मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में सरगुजा को नशामुक्त करने के लिए ऑपरेशन क्लीन चलाया जा रहा है, इसके तहत जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और जो भी पकड़ा जा रहा है उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ आबकारी मुख्य आरक्षक कुमारू राम, अशोक सोनी, रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पांडेय एवं ओम प्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं चंद्रावती सक्रिय रहे।

 

Categorized in: