राम मंदिर के पास वाहन को छोड़कर भागते समय पुलिस ने किया गिरफ्तार 

अंबिकापुर। शहर के सत्तीपारा मोहल्ले में गांजा सहित अवैध मादक पदार्थों के तस्करों और कोचियों की खबर लेने सोमवार की शाम को प्रशिक्षु डीएसपी के साथ निकली कोतवाली थाना पुलिस की टीम के समक्ष उस समय असमंजस की स्थिति बन गई, जब छापामार कार्रवाई के बीच अज्ञात बदमाश पुलिस को चुनौती देते हुए उनकी बोलेरो वाहन को लेकर भाग गया। हालांकि, 20 मिनट के अंतराल में पुलिस ने वाहन को बरामद कर लिया और वाहन को छोड़कर भाग रहे आरोपी को भी अपने कब्जे में ले लिया। मामले में पुलिस केस दर्ज करके अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस टीम सोमवार की शाम 7.30 बजे सत्तीपारा इलाके में गांजा तस्कर के तलाश में गई थी। पुलिस की टीम शासकीय वाहन को सड़क के किनारे एक जगह सुरक्षित खड़ा करके गोपाल नामदेव नामक गांजा विक्रेता को तलाशते हुए उसके ठिकाने तक पहुंची और छापामार कार्रवाई कर रही थी। इस बीच बोलेरो वाहन का चाबी जमीन पर गिर गया था, जिससे चालक अनभिज्ञ था। सड़क पर गिरे पुलिस वाहन की चाबी पर मुकेश नामदेव की नजर पड़ी, जो छत में नशे की हालत में मौजूद था, वह छत से कूदकर बोलेरो वाहन की चाबी ले लिया, और पुलिस की बोलेरो वाहन को स्टार्ट करके फरार हो गया। बताया जा रहा है कि, बोलेरो वाहन में ही प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे का मोबाइल फोन भी था। आरोपित के ठिकाने को खंगालने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शासकीय बोलेरो वाहन वहां नहीं था, यह देखकर पुलिस टीम के होश उड़ गए। इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देते हुए पुलिस टीम चैतरफा बोलेरो वाहन के खोजबीन में जुट गई। सीसीटीव्ही फुटेज देखने के साथ ही अन्य तकनीकी माध्यमों का सहारा साइबर थाने की पुलिस टीम ने लिया और बोलेरो वाहन में रखे प्रशिक्षु डीएसपी के मोबाइल का लोकेशन जयस्तंभ चौक के पास, राम मंदिर रोड बताया। पुलिस टीम राम मंदिर रोड में पहुंची, तो बोलेरो वाहन वहां खड़ी थी। बोलेरो लेकर फरार हुआ व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने इसे दौड़ाकर पकड़ा और पूछताछ के बाद मुकेश नामदेव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरूद्ध पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है, और अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं

कार्रवाई के निकली पुलिस टीम की बोलेरो वाहन चोरी करके भागने की घटना को लेकर शहर के लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। आम लोगों का कहना है कि, घटना शातिर अपराधियों के बढ़ते हौसलों को सामने ला रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस की बोलेरो वाहन को लेकर भागा आरोपी मुकेश नामदेव और पुलिस जिस गांजा विक्रेता के तलाश में गई थी, दोनों आपस में रिश्तेदार हैं।  

Categorized in: