साड़ी चोरी बंद करो…नारे के साथ महिला कांग्रेस ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला फूंका

अंबिकापुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं हेतु साड़ी खरीदी में हुए घोटाले के विरोध और जांच की मांग को लेकर महिला कांग्रेस सरगुजा ने सोमवार को घड़ी चौक में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर सभी जिला मुख्यालय में पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि 1.94 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीद में 9.7 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया है। खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से गुणवत्ता हीन साड़ियों की खरीदी की गई है। 5.5 से 6.3 मीटर की साड़ियों की जगह 5 मीटर की साड़ी की आपूर्ति की गई है। बाजार में 200-250 रुपये में मिलने वाली साड़ियों की कीमत 500 रुपये बतला कर आपूर्ति की गई है। कांग्रेस नेत्रियों ने कहा यह कोई पहला अवसर नहीं है जब लक्ष्मी राजवाड़े पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा हो। इसके पहले पेटियों और खेल सामग्री की सप्लाई में 40 करोड़ के घोटालों का आरोप इन पर लग चुका है।

महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष सीमा सोनी एवं महिला कांग्रेस की ग्रामीण अध्यक्ष अनिमा केरकेट्टा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने साड़ी चोरी बंद करो, के नारे के साथ लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन किया। इस दौरान सीमा सोनी ने महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के इस्तीफे की मांग के साथ कहा कि, एक महिला होने के बावजूद उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ऐसी साड़ी सप्लाई कर दी जो पोंछा लगाने के लायक भी नहीं है। उन्होंने कहा कि साड़ी इतनी छोटी है कि उसमें आवरण के लिए पल्लू भी पूरा नहीं पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की, कि महिला बाल विकास मंत्री को बर्खास्त करने के साथ ही इस मामले की निष्पक्ष जांच कराएं। महिला कांग्रेस की ग्रामीण अध्यक्ष अनिमा केरकेट्टा ने कहा कि हम शर्मिंदा हैं कि महिला बाल विकास मंत्री सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। जबसे वे मंत्री के रूप में कार्यभार संभाली हंै, लगातार घोटालों के आरोप के साथ ही पद के गलत इस्तेमाल के आरोप से घिरी हुई हैं। इतने आरोपों के बाद भी मुख्यमंत्री का उन्हें पद पर बरकरार रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुतला दहन कार्यक्रम में संध्या रवानी, गीता प्रजापति, निमन राशि एक्का, रूही गजाला, पूर्णिमा सिंह, हीरो बड़ा, मालती सिंह, प्रीति सिंह, सरला राय, संगीता मिंज, चित्रा मिश्रा, रूबी जैन, मोमिना, अनुराधा सिंह, अंजू, ममता सिंह, एंजेला केरकेट्टा, सपना सिंह, अनिता सिन्हा, रश्मी सोनी, रंजू सिंह, एलिना सहित अन्य मौजूद थे।

Categorized in: