हादसे के बाद पिकअप में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालने में मिली सफलता

जरही। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम सोनगरा के पास अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग में सोमवार को हाईवा और पिकअप वाहन की हुई जोरदार भिड़ंत में पिकअप के परखच्चे उड़ गए, वहीं पिकअप का चालक घायल अवस्था में वाहन में ही बुरी तरह से फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भटगांव थाना पुलिस पहुंची और पिकअप में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस दौरान पिकअप में लोड मछलियों से भरा प्लास्टिक का कंटेनर सड़क पर दूर-दूर तक फैल गया और बड़ी मात्रा में मछलियां सड़क पर बिखर गईं। सड़क पर मछलियों के फैलने से फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क मार्ग में दोनों ओर करीब डेढ़ घंटे वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

जानकारी के मुताबिक पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 29 एएफ 2711 में चालक अंबिकापुर से मछली लेकर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही हाईवा वाहन क्रमांक सीजी 13बीसी 8086 से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में फंसे चालक को ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में अन्य लोग के भी घायल होने की चर्चा हो रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। मौके पर पहुंची भटगांव थाना पुलिस ने हादसे के बाद बनी स्थिति को नियंत्रित करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर बिखरे कंटेनरों और मछलियों को हटवाया, इसके बाद धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था बहाल हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों वाहनों की तेज रफ्तार के बीच संभवत: ओवरटेकिंग हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ के बाद ही हादसे का स्पष्ट कारण सामने आ पाएगा।
नियमित पेट्रोलिंग, गति नियंत्रण और संकेतक लगाने की हो पहल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर लगातार इस तरह के हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके प्रशासन द्वारा प्रभावी नियंत्रण या सुरक्षा उपायों में अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि, इस मार्ग पर गति नियंत्रण, नियमित पेट्रोलिंग और चेतावनी संकेतों की व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। यह हादसा न केवल यातायात व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे और गंभीर रूप ले सकते हैं।

Categorized in: