राजेंद्र ठाकुर (राजू)
ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर। जिले के गणेशमोड़ पुलिस चौकी प्रभारी एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार मामला एक पंचायत सचिव के साथ कथित अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज से जुड़ा है, जिसने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। सचिव संघ ने इस घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस कप्तान से शिकायत दर्ज कराई है और जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दे दी है।
सचिव संघ के अध्यक्ष द्वारा पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, 5 अप्रैल को ग्राम पंचायत महाराजगंज के सचिव उत्तम समादार जनगणना भवन नंबरिंग कार्य पूर्ण कर लौट रहे थे। इसी दौरान गणेशमोड़ चौकी प्रभारी ने वाहन चेकिंग के नाम पर उन्हें रोका और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की।
बताया गया कि घटना के समय महाराजगंज के सरपंच मंतन राम और पंच रामलाल भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा। सचिव संघ का कहना है कि एक शासकीय कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल अपमानजनक है, बल्कि पूरे संगठन के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है।
संघ ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चौकी प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो जनपद पंचायत स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस घटना के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में खलबली मच गई है, वहीं अब सभी की नजर पुलिस कप्तान की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Categorized in: