आबकारी की टीम ने संदिग्ध को दौड़ाकर पकड़ा, युवती कई प्रयास के बाद लगी हाथ  

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 76 नग नशीला इंजेक्शन जब्त करके युवती सहित दो आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया है। जेल तालाब दर्रीपारा में कार्रवाई के लिए जब टीम गई, तो पता चला कि यहां नशेड़ी कब, किसको लूटपाट का शिकार बना देंगे, कहना मुश्किल है। टीम के समक्ष लोगों ने खुलेआम कहा कि कई जेल प्रहरी अब तक लूट का शिकार हो चुके हैं, सामान्य लोगों की तो बात ही अलग है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता गुप्ता ने दो अप्रैल को गश्त के दौरान अजिरमा बुधवारी बाजार, पानी टंकी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखकर उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा, टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ा। पूछताछ में वह अपना नाम पूरन विश्वकर्मा, निवासी कटकोना पटना, जिला सूरजपुर, वर्तमान ठिकाना कालीघाट बताया। इसके पास मौजूद प्लास्टिक के झोले की तलाशी लेने पर उसमें 22 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 22 नग एविल इंजेक्शन मिला।

इसी क्रम में 03 अप्रैल को आबकारी उडऩदस्ता कार्यालय में मुखबिर ने सूचना दी कि आराधना नाम की एक लडक़ी जेल तालाब दर्रीपारा के पास खुलेआम इंजेक्शन बेच रही है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने टीम के साथ जेल तालाब दर्रीपारा के पास घेराबंदी करके लडक़ी को पकड़ा, इसके पास एक काले रंग के पॉलीथीन में 20 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 12 नग एविल इंजेक्शन मिला। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-सी के तहत गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश करके जेल दाखिल कर दिया गया है।

आराधना की कई दिनों से थी तलाश

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आराधना की बहुत दिनों से तलाश थी, क्योंकि वह काफी दिनों से जेल तालाब के पास नशीला इंजेक्शन बेच रही है। सटीक सूचना मिलते ही आबकारी की टीम के साथ उसे गिरफ्तार करने में अभी सफलता मिल पाई है।

जेल तालाब बना नशेडिय़ों का अड्डा

कार्रवाई के दौरान उपस्थित लोगों ने बताया कि जेल तालाब नशेडिय़ों का अड्डा बन गया है, आसपास का माहौल काफी खराब हो गया है। इन नशेडिय़ों के द्वारा कई बार जेल में काम करने वाले प्रहरियों को भी लूटने की जानकारी मिली, ऐसे में समझा जा सकता है कि आम लोगों के साथ इनका कैसा व्यवहार रहता होगा। उन्होंने कहा कि सरगुजा को नशामुक्त करने के लिए आबकारी उडऩदस्ता टीम लगातार प्रयास करते हुए जीरो टोलरेंस की नीति अपना रही है।

कार्रवाई में ये रहे शामिल

दोनों कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक कुमारू राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, महिला सैनिक चंद्रावती, राजकुमारी सिंह एवं नीरज चौहान सक्रिय रहे।

Categorized in: