आबकारी अमले ने दौड़ाकर पकड़ा, दो पॉलीथीन में मिला 5 किलो गांजा

अंबिकापुर। आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने नवापारा लखनपुर के कुख्यात गांजा तस्कर को पांच किलो गांजा के साथ गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक दो अप्रैल को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता उड़नदस्ता टीम एवं जिला आबकारी सरगुजा की टीम के साथ संयुक्त गश्त पर लखनपुर क्षेत्र में निकले थे, इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नवापारा, अमगसी का कृष्णा सिंह के घर में काफी मात्रा में गांजा उतरा है। द्वय टीम नवापारा अमगसी निवासी कृष्णा सिंह के होटल एवं घर में दबिश दी, तो वर्दी में आबकारी की टीम को देखकर कृष्णा सिंह अपने होटल के पीछे की ओर भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ा गया। उसके हाथ में एक बाल्टी था, जिसमें दो पॉलीथीन में गांजा रखा हुआ था। इसका कुल वजन 5.135 किलोग्राम होना पाया गया। आबकारी की टीम ने होटल मालिक कृष्णा सिंह को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत गिरफ्तार करके जेल दाखिल कर दिया है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि कृष्णा सिंह पिछले कई वर्षों से गांजा का व्यापार करते आ रहा है, वह दो बार जेल भी जा चुका है, लेकिन गांजा का धंधा बंद नहीं किया। गुरूवार को गश्त में निकली टीम के हत्थे वह चढ़ गया। उन्होंने बताया कि आबकारी उड़नदस्ता की टीम सूखे नशे पर जीरो टोलरेंस की नीति अपना रही है, और हर नशे के कारोबारी को जेल भेज रही है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ जिला आबकारी से आबकारी उप निरीक्षक सौरभ साहू, आकाश साहू एवं अनिल गुप्ता सक्रिय रहे।

 

Categorized in: