अंबिकापुर। सरगुजा जिला के लुण्ड्रा थाना अंतर्गत ग्राम करेसर में पानी पीने के लिए हैंडपंप चलाने के लिए कहने पर विवाद कुछ ऐसा गहराया कि जंगल के चौकीदार ने युवक पर टांगी से हमला कर दिया, जिसमें उसकी जान चली गई। स्थानीय पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पटोरा, जोबलापारा का राकेश घासी पिता स्व. बनारसी घासी 20 वर्ष, अपने दोस्त रामसाय और संजय के साथ 29 मार्च, रविवार को मोटरसायकल में ग्राम करेसर गया था। ग्राम करेसर में अटल चौक के पास पटोरा गांव में रहने वाला लुरसाय मिला, जो जंगल का चौकीदार है। राकेश ने पानी पीने के लिए लुरसाय को हैंडपंप चलाने के लिए कहा, जिस पर वह आवेशित होकर, तुम्हारे बाप का नौकर नहीं हूं कहा। इसके बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई, और लुरसाय अपने पास रखे टांगी से राकेश के दाहिने पैर में घुटना के पीछे वार कर दिया, जिससे खून निकलने लगा, और वह जमीन पर गिर गया। युवक के साथी रामसाय ने फोन करके इसकी जानकारी राकेश के बड़े भाई आशित को दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और घायल राकेश को धौरपुर स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया था। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया था। 30 मार्च को सुबह 6.20 बजे इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। संभावना अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। घटना की जानकारी घटना क्षेत्र के थाने में दी गई है, केस डायरी मिलने पर पुलिस हत्यारोपी चौकीदार के विरूद्ध मामला दर्ज करेगी।

 

Categorized in: