अंबिकापुर। स्कार्पियो वाहन लूट के मामले में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय आरोपी को साइबर सेल एवं थाना दरिमा पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने पूर्व में लूटी गई स्कार्पियो वाहन को कटघोरा से बरामद किया था। आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। अन्य आरोपी घटना दिनांक से फरार हंै, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।

जानकारी के मुताबिक अंकित सिन्हा निवासी भट्टी रोड केदारपुर ने 10 फरवरी को थाना दरिमा में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके मोबाईल पर परिचय के पंचर दुकान वाले व्यक्ति का फोन आया और वह बताया कि कुछ लोगों को मैनपाठ घूमने जाना है, और पुराना बस स्टैण्ड के पास आने के लिए कहा। वह स्वयं अपना स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 16 सीजे 5333 को लेकर पुराना बस स्टैण्ड पहुंचा, और 04 लोगों को बैठाकर मैनपाठ ले गया। विभिन्न जगहों पर घुमाने के बाद शाम को वापस आते समय गाड़ी में सामने बैठा एक व्यक्ति उल्टी आने की बात कहकर गाड़ी रुकवाया तो वह गाड़ी को साइड में रोक दिया। इसके बाद पीछे बैठा एक व्यक्ति बेल्ट से उसके गले को दबाकर पीछे की ओर खींचने लगा। वह जैसे-तैसे बेल्ट को गले से निकालकर वाहन का गेट खोला और कूदकर भागने लगा। चारों व्यक्ति उसे दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश किए, तो वह सड़क के किनारे एक गड्ढे में कूदकर छिप गया था। इसके बाद चारों व्यक्ति स्कार्पियो वाहन से उसके मोबाइल फोन को सड़क के किनारे फेंक दिए और वाहन को लेकर भाग गए। रिपोर्ट पर थाना दरिमा में धारा 309 (3) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस अग्रिम जांच कर रही थी। इसी क्रम में आरोपियों के फरार होने के सभी संभावित रास्तों पर नाकेबंदी के बीच आरोपी स्कार्पियो वाहन को छोड़कर फरार हो गए। स्कार्पियो वाहन को पुलिस टीम ने कटघोरा से लावारिस हालत में जप्त किया था। फरार आरोपियों के तलाशी दौरान साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त करके पुलिस ने एक आरोपी गोविन्द पटेल पिता राजू पटेल 21 वर्ष, निवासी बसंतपुर दफाई अमलाई जिला अनूपपुर मध्य प्रदेश को हिरासत में लिया और स्कार्पियो वाहन के मालिक से शिनाख्त कराया तो वह आरोपी को पहचान लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है, अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस टीम लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, सुजीत पाल, आरक्षक जितेश साहू सक्रिय रहे।

 

Categorized in: