कुसमी। बलरामपुर जिला के कुसमी थाना अंतर्गत गलफुल्ला नदी से पहले मोटरसायकल सवार स्कूली छात्रों को ठोकर मारने वाले टे्रक्टर चालक के विरूद्ध पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रेक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना में मोटरसायकल चला रहे छात्र की मौत हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक घटना दिनांक 10 फरवरी को थाना क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर निवासी फुलकेश्वर राम का कक्षा 11वीं में पढ़ने वाला पुत्र सतीश कुमार रोजाना की तरह बालक स्कूल में पढ़ाई करने गया था। स्कूल से छुट्टी होने के बाद सतीश अपने दोस्त रूपदेव के साथ मोटरसायकल से घर जा रहा था, इसी दौरान भुरसापारा में गलफुल्ला नदी से 100 मीटर पहले लाल रंग के महिन्द्रा ट्रेक्टर का चालक तेज गति में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इन्हें सामने से ठोकर मार दिया और टे्रक्टर को वहीं छोड़कर भाग गया। बैंक में केवाईसी के लिए गए फुलकेश्वर राम को इसका पता चला और वह मौके पर पहुंचा तो सतीश और रूपदेव सड़क के किनारे गिरे पड़े थे, गांव के कई लोग वहां एकत्र हो गए थे। सतीश कुमार को हादसे में गंभीर चोट आई थी और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, मोटरसायकल में पीछे बैठे रूपदेव मुईहर को भी चोट लगा था, जिसे कुसमी अस्पताल से प्राथमिक चिकित्सा के बाद चोट ज्यादा होने के कारण चिकित्सक ने अंबिकापुर रेफर कर दिया। दुर्घटनाकारित ट्रेक्टर राजेश्वर गुप्ता का था, जिसे चालक एक्सीडेंट के बाद मौके पर छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने फुलकेश्वर राम की रिपोर्ट पर ट्रेक्टर चालक के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध किया है।

Categorized in: