खुद को फायनेंस कम्पनी का कर्मचारी बताकर ओवर ड्राफ्ट खाता खोलने का दिया था झांसा

अंबिकापुर। फ्लैक्स का कारोबार करने वाले युवक के साथ पहुंचे कथित श्री राम फायनेंस के कर्मचारी ने सिविल स्कोर अच्छा होना बताते हुए ओवर ड्राफ्ट खाता खोलने का झांसा दिया और दो कैंसल चेक लेने के बाद दो अन्य सादे चेक में धोखे से हस्ताक्षर लेकर एक लाख 93 हजार 700 रुपये खाते से आहरण कर लिया। धोखाधड़ी का पता चलने पर कारोबारी ने कोतवाली थाने में घटना की जानकारी दी है, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के केनाबांध बौरीपारा का सूर्यनारायण विश्वकर्मा प्रतापपुर नाका चौक में सूरज फलैक्स नाम से अपने कारोबार का संचालन करता है। दो फरवरी को जब वह दुकान में था तभी उसके मोबाइल नंबर पर अनजान व्यक्ति ने फोन करके अपना परिचय श्रीराम फायनेंस के कर्मचारी के रूप में दिया और कहा कि आपका सिविल स्कोर बहुत अच्छा है। उक्त व्यक्ति श्री राम फायनेंस कम्पनी का ऑफर बताते हुए कम ब्याज दर पर ओव्हर ड्राप्ट एकाउंट खोलने का झांसा दिया। फ्लैक्स के कारोबारी ने किसी प्रकार का एकाउंट खोलवाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुन: 03 फरवरी को उसके मोबाइल फोन में कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसे पुन: स्कीम के बारे में बताया, जिस पर उन्होंने कंपनी के मैनेजर से बात कराने के लिए कहा, जिस पर वह शाखा प्रबंधक से बात कराया। फोन रिसीव किए व्यक्ति ने अपना परिचय श्री राम फाइनेन्स के मैनेजर के रूप में दिया और अपने घुमावदार बातों में लेकर वह फ्लैक्स के कारोबारी को भ्रमित कर दिया, और वह उसके झांसे में आ गया। शाखा प्रबंधक से बात करने के बाद साइड विजिट के नाम पर पुन: मोबाइल पर फोन आया और 05 फरवरी को वह जरूरी कागजात लेने के लिए आ गया। कागजातों में हस्ताक्षर करते वक्त संबंधित व्यक्ति अपनी बातों में फंसाकर दो चेक कैंसल लिखकर सील व साइन करा लिया, और चेक ठीक तरह से नहीं फटने की बात कहते हुए दो चेक को अच्छी तरह से फाड़ने कहा। चेक को फिर से फाड़ने के बाद कारोबारी कागजातों में हस्ताक्षर कर रहा था। हस्ताक्षर अच्छे से करने की नसीहत देते वह कारोबारी को धोखे में रखकर दो नए चेक पर भी सील व साइन करा लिया। चेक को आधा मोड्कर हाथ से दबाने के कारण उन्हें इस बात का पता ही नहीं चल पाया कि सादे चेक पर वह सील व साइन करा लिया है। इसके बाद चेक क्रमांक 525698 से 95 हजार 700 रुपये एवं चेक क्रमांक 525631 से 98 हजार रुपये आहरण कर लिया। इसके अलावा सील व साइन किया हुआ एक चेक क्रमांक 525699 चेक भी जालसाज के पास है, जिससे और रुपये आहरण की आशंका बनी हुई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने कथित फायनेंस कर्मचारी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, पुलिस मामले में अग्रिम पड़ताल कर रही है।

 

 

Categorized in: