अंबिकापुर। घुनघुट्टा डैम में मछली पकड़ने गया अधेड़ नाव पलटने से डूब गया, साथी उसे डैम से निकाल कर स्वजनों के साथ अस्पताल रवाना किए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कलगसा निवासी बिरूच राम पिता ठुरू राम 54 वर्ष, 5 फरवरी को सुबह करीब 5 बजे अपने दो अन्य साथियों रामसागर और ब्रह्मदेव के साथ घुनघुट्टा डैम में मछली पकड़ने के लिए गया था। तीनों अपने-अपने नाव में सवार होकर डैम में जाल लगाकर मछली फंसा रहे थे। करीब 7 बजे जाल में फंसी मछलियों को निकालने के दौरान बिरूच राम नाव से अनियंत्रित होकर डैम में गिर गया। अन्य नाव में सवार होकर मछली पकड़ रहे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी और वे उसे बचाने के लिए आगे बढ़े। आनन-फानन में बिरूच राम को पानी से बाहर निकालने में वे सफल हुए और अपने नाव में लिटाकर डैम के किनारे लाए, और इसकी सूचना स्वजन को दी। अधेड़ को निजी वाहन से लेकर स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान छह फरवरी को रात 10 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

Categorized in: