उत्तर प्रदेश के युवक से नेपाल में मुलाकात के बाद फर्जी दस्तावेज थमाकर ऐंठे थे रुपये  

अंबिकापुर। क्रिकेट संघ के माध्यम से देश-विदेश में खिलाने की बात कहकर 15 लाख 38 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में साइबर सेल एवं थाना कोतवाली पुलिस टीम को 4-5 साल पुराने मामले में आरोपी को कब्जे में लेने में सफलता मिली। आरोपी फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के जरिए ठगी की घटना को अंजाम दिया था।

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिला अंतर्गत पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम शेखवापुर निवासी क्रिकेट खिलाड़ी अजय कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया था कि 14 मार्च 2021 को वह नेपाल में क्रिकेट टूर्नामेन्ट खेलने गया था। यहां उसकी मुलाकात मृगांक कुमार सिन्हा निवासी त्रिकोण चौक अंबिकापुर से हुई, जो उसे अपने क्रिकेट संघ की तरफ से देश-विदेश के टूर्नामेंटों में क्रिकेट खिलाने की बात कहकर मोबाईल नंबर ले लिया। नेपाल से वापस आने के करीब 10 दिन मृगांक कुमार सिन्हा उसे फोन करके क्रिकेट संघ में रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 1480 रुपये जमा कराया। इसके बाद अन्य रजिस्ट्रेशन व पासपोर्ट हेतु 4460 रुपये व 1500 रुपये नकद जमा कराया। इसके बाद अजय कुमार वर्मा के मोबाइल पर टीम में सलेक्शन व विदेशी दौरे के लिए चुनी गई टीम के कूटरचित दस्तावेज आरोपी भेजता रहा, और लगातार पेटीएम, गुगल पे, फोन पे पर रुपये जमा कराता रहा। इसके साथ ही क्रिकेट खिलाड़ी अजय को आरोपी मृगांक यह आश्वासन देते रहा कि उसका सारा रुपये वापस कर दिया जाएगा। अजय वर्मा से लगभग 12 लाख रुपये जमा करवाने के बाद 11 जून को आरोपी छत्तीसगढ़ बुलाया और यहां भी रुपये जमा करवाया, लेकिन उसे कहीं भी क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला। ठगी के मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने थाना कोतवाली में धारा 420, 467, 468, 471 भा.द.वि. का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था।

जांच विवेचना के बीच पुलिस टीम आरोपी के तलाश में लगी थी, जो अपने ठिकाने से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस जब आरोपी के द्वारा प्रार्थी अजय वर्मा को दिए गए छत्तीसगढ़ यूथ यूनाइटेड क्रिकेट संघ इस्पात क्लब भिलाई सेक्टर-6 का क्रिकेट खेलने के लिए विदेश दौरे की सूची की जानकारी संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण रायपुर से ली तो उक्त संस्था के संबंध में मान्यता नहीं होने की जानकारी प्राप्त हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी मृगांक सिन्हा पिता सुनील सिन्हा 40 वर्ष निवासी त्रिकोण चौक पहुना दुकान के पास अंबिकापुर को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने फर्जी दस्तावेज स्वयं तैयार करके ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान व विकास सिन्हा, आरक्षक जीतेश साहू, अमनपुरी सक्रिय रहे।

Categorized in: