पुलिस ने फिलहाल फायरिंग से इन्कार, कुछ लोगों ने दो बार धमाके की सुनी आवाज

अंबिकापुर। शहर के हृदयस्थल से लगे देव होटल के समीप शुक्रवार की शाम फायरिंग की सूचना से हड़कम्प मच गया। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारियों के अलावा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग की घटना से इन्कार किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि देव होटल के पास गोली चलने जैसी कोई घटना हुई हो, ऐसा फिलहाल सामने नहीं आया है। गांधीनगर थाना क्षेत्र में बनारस रोड पर शाम करीब 5.30 बजे दो गुटों के बीच पुराना विवाद सामने आया था, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की गाड़ी पर डंडा फेंका था, और हनी सिंह नामक युवक को रूकवाने का प्रयास किया था। इस पर उन्हें गांधीनगर थाना में अपराध दर्ज कराने कहा गया है, ताकि मामले में अग्रिम जांच, कार्रवाई की जा सके। इधर फायरिंग की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल, डीएसपी अश्वनी सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी शशिकान्त सिन्हा, गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने देव होटल में भाजपा के वरिष्ठ नेता मेजर अनिल सिंह और होटल संचालक से भी बातचीत की। बात देव होटल परिसर के अंदर दो राउंड फायरिंग की भी हो रही है, हालांकि पुलिस की जांच में ऐसा कोई भी तथ्य समाचार लिखने तक सामने नहीं आया है। इसके बाद भी पुलिस सभी पहलुओं को लेकर गंभीर है, और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

फायरिंग का मामला सामने आया है, जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्य के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा

Categorized in: