मणिपुर पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने सीएसपी के नेतृत्व में की संयुक्त कार्रवाई

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास स्थित शासकीय स्कूल के सामने एक मोबाइल व गिफ्ट गैलरी दुकान से भारी मात्रा में ई-सिगरेट व चाकू बरामद किया गया है। गुरुवार की दोपहर मणिपुर पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई की। ई-सिगरेट भारत में प्रतिबंध है, इसके बावजूद संचालक द्वारा अवैध करोबार लंबे समय से किया जा रहा था। स्कूल के समीप दुकान होने के कारण कई बच्चों को भी ई-सिगरेट की लत लग गई थी। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक मणिपुर शासकीय स्कूल के सामने अमित मोबाइल व गिफ्ट गैलरी की दुकान है। इसका संचालक अमित अग्रवाल है। दुकान संचालक लंबे समय से दुकान के आड़ में प्रतिबंधित ई-सिगरेट का अवैध करोबार कर रहा था। ई-सिगरेट के स्कूली छोटे बच्चे भी आदी हो रहे थे। इसे लेकर स्कूल प्रबंधन चिंतित था। स्कूल के शिक्षकों द्वारा इसकी जानकारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को दी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने डीआईजी व सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल को दी। उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में आबकारी व मणिपुर पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

सामान्य सिगरेट से घातक ई-सिगरेट
नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जब मोबाइल और गिफ्ट गैलरी दुकान के आड़ में चल रहे अवैध कारोबार की पुष्टि के लिए छापामार कार्रवाई की तो 60 पैकेट ई-सिगरेट के व चाकू मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। टीम ने दुकान संचालक अमित अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि ई-सिगरेट भारत में प्रतिबंध है। इसके बावजूद दुकान संचालक द्वारा बिक्री की जा रही थी। ई-सिगरेट नॉर्मल सिगरेट से काफी घातक है।स्कूल के सामने दुकान होने के कारण किसी को शक नहीं होता था पर ई-सिगरेट की दुष्प्रभाव स्कूल के बच्चों पर पड़ रहा था।

Categorized in: