बिलासपुर। स्वयं, तेवर, केवल नाम से जिले में आपराधिक घटनाओं और गतिविधियों को अंजाम दे रहे बिलासपुर के हिस्ट्रीशीटरों के गैंग का नाम है। पहली बार बिलासपुर पुलिस ने गैंगहिस्ट्री खाेली है। जब हिस्ट्री खोल दी है तो आगे ऐसे लोगों पर पुलिस की सख्ती भी सामने आई है। बहरहाल गैंगहिस्ट्री में शामिल अपराधी अब सीधेतौर पर पुलिस के राडार पर आ गए हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने साफताैर पर कहा है, अपराधियों पर हा हाल में सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। अब तक एक दर्जन से ज्यादा गैंगहिस्ट्री खोली जा चुकी है। यह काम लगातार जारी रहेगा।
पुलिस द्वारा तैयार की जा रही इस गैंग हिस्ट्रीशीट में गैंग से जुड़े हर अपराध का पूरा रिकॉर्ड रखा जा रहा है। गैंगहिस्ट्री में गैंग लीडर और इससे जुड़े लोग वर्तमान में क्या काम कर रहे हैं, किस तरह की गतिविधियों में संलिप्त है और मौजूदा ट्रेक रिकाॅर्ड क्या है, इसका भी हिसाब रखा जा रहा है। ये बदमाश वर्तमान में किन-किन लोगों के संपर्क में हैं,उनके लिए काम कर रहे हैं या नहीं, किस तरह के लोग अपराधियों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जैसे महत्वपूर्ण इनपुट गैंगहिस्ट्री में शामिल किया जा रहा है।

गैंग हिस्ट्रीशीटरों के संपर्क में रहने या उसके साथ जुड़ने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
पुलिस ने साफ कहा है, गैंग हिस्ट्रीशीटरों के संपर्क में रहने या उसके साथ जुड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों के नाम भी जरुरत पड़ने पर गैंग हिस्ट्रीशीट में जोड़ा जाएगा। अब तक जिले में तकरीबन एक दर्जन गैंग हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी हैं। हिस्ट्रीशीट में गैंग के सदस्यों की संख्या 40 के करीब पहुंच चुकी है। पुलिस अफसरों ने बताया, कुछ और ग्रुप भी चिन्हित किए गए हैं, जो या तो सीधे अपराध कर रहे हैं या पर्दे के पीछे से अपराध को अंजाम देने का काम कर रहे हैं।

संगठित अपराध और इससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा,अपराधी अब अपराध के तरीके बदल रहे हैं, व्यक्तिगत ना होकर संगठित रूप से अपराध को अंजाम दे रहे हैं। हिस्ट्रीशीटरों ने संगठित गिरोह बना लिया है,गिरोह के जरिए अपराध कर रहे हैं। इसके चलते ही गैंग हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है। इसमें यह पता चलेगा कि किस गैंग के साथ कितने लोग जुड़े हैं और किस तरह के अपराध कर रहे हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने दोटूक कहा, जो भी व्यक्ति अपराध करेगा या अपराधियों का साथ देगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। संगठित अपराध और अपराधियों को पुलिस बेनकाब करेगी।

Categorized in: