अनहोनी की आशंका पर 06 वर्ष की नाबालिग के गुम होने का मामला पहुंचा था थाने

चंद घंटे में पुलिस ने घर से बच्ची को खोजकर स्वजन के सुपुर्द किया, दी समझाइश

अंबिकापुर। घरवालों के डांट-फटकार से बचने के लिए छह वर्षीय बच्ची घर की तीसरी मंजिल में सीढ़ी के नीचे छिप गई थी, इधर परेशान स्वजन उसे तलाश रहे थे। बच्ची के नहीं दिखने पर अनहोनी की आंशका व्यक्त करते वे थाना तक पहुंच गए। पुलिस टीम ने चंद घंटों के भीतर घर से ही बच्ची को खोज निकाला।
प्रार्थी द्वारा 02 फरवरी को थाना मणीपुर में गुम इंसान संबंधी जानकारी देते हुए बताया था कि उसकी नाबालिग लड़की 06 वर्ष की है, जो 02 फरवरी को स्कूल पढ़़ने  प्राथमिक शाला साड़बार गई थी। स्कूल से 4 बजे वापस घर आई और बस्ता रखकर स्कूल के पास फुलकी खाने गई थी और स्कूल के आंगन में खेल रही थी। शाम 5.30 बजे तक घर वापस नहीं आने पर वे आस-पड़ोस एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश किए, लेकिन नहीं मिली। शिकायत को सर्वप्रथम वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना मणीपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा नाबालिग की तलाश शुरू की गई। प्रार्थी अपनी नाबालिग बच्ची को हर जगह खोजबीन करने और नहीं मिलने की बात कहकर अनहोनी की शंका जाहिर कर रहा था। थाना मणीपुर एवं साइबर सेल पुलिस टीम द्वारा बिना समय गवाए नाबालिग की खोजबीन शुरू की गई, पुलिस की कई टीम नाबालिग को आस-पड़ोस, रिश्तेदार, स्कूल के आसपास एवं अन्य संभावित स्थल पर लगातार तलाश कर रही थी। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी के घर का मुआयना कर नाबालिग की पतासाजी की। खोजबीन करते वक्त तीसरी मंजिल में सीढ़ी के नीचे ध्यान से देखने पर कपड़ों के अंदर कुछ होने का संदेह हुआ। थाना प्रभारी मणीपुर एवं गुम नाबालिग के पिता द्वारा सीढ़ी के नीचे के कपड़ों को हटाकर देखा गया तो गुम नाबालिग कपड़ों के भीतर मौजूद थी। चंद घंटे में नाबालिग को घर में ही पाकर सभी राहत की सांस लिए, साथ ही सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति सराहना प्रकट किए। बालिका परिजनों की डाट से बचने के लिए अपने ही घर में छिपकर रहना बताई, जिस पर पुलिस टीम ने स्वजन एवं नाबालिग बालिका को समझाइस दिया। इस दौरान थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, दिलसाय कुजूर व अनिल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सत्यनारायण पाल, आरक्षक उमाशंकर साहू, सत्येंद्र दुबे, रामाशंकर यादव, अनिल सिंह, सैनिक ओमप्रकाश दुबे एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।

Categorized in: