रायगढ़। अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक सैक्स रैकेट का खुलासा किया है। देर रात छापा मारकर पुलिस ने केलो बिहार कॉलोनी में किराये के मकान से चल रहे इस अवैध धंधे में लिप्त तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से नकद राशि, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

कॉलोनी में चल रहा था सैक्स रैकेट
पुलिस को सूचना मिली थी कि केलो बिहार कॉलोनी के एक किराये के मकान में बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की गई।

ग्राहक बनाकर भेजा गया पाइंटर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा गया। जब अवैध गतिविधि की पुष्टि हो गई, तब तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई और टीम को अलर्ट कर दिया गया।

छापेमारी में मोबाइल, नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने देर रात मकान की घेराबंदी कर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से तीन महिलाएं और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोबाइल, नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। जब्त सामान को सबूत के तौर पर सील कर लिया गया है।

मुख्य आरोपी और सहयोगी की पहचान
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और उसके सहयोगी नागेंद्र विश्वकर्मा की भूमिका सामने आई है। दोनों इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे और बाहर से महिलाओं को लाकर अवैध धंधा चलवा रहे थे।

पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट) की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

आम लोगों से की सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि अनैतिक देह व्यापार और ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें इस तरह की किसी गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Categorized in: