सीसीटीवी में कैद है संदेही युवती गिरफ्तार, दो अन्य फरार

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को देर रात वार्ड क्रमांक 7 में एक अधेड़ व्यक्ति की चाकू से हमला करके हत्या कर दी गई, शव सुबह लावारिस हाल में मिला। घटना की जानकारी वार्ड के पार्षद विपिन पांडेय ने गांधीनगर थाना में दी, इसके बाद पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरु की। मृतक के सीने में चाकू से वार करने के निशान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीव्ही का फुटेज चेक किया तो एक युवती व 2 युवक हत्या की वारदात को अंजाम देते नजर आए। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवती को खोज निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीव्ही फुटेज में युवती कहती दिखाई दे रही है कि तू मेरे को हाथ कैसे लगाया, तू जानता नहीं है कि मैं कौन हूं। इसके बाद उसकी चाकू से वार करके सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई। पुलिस फरार युवकों के तलाश में लगी है। गांधीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान सुभाषनगर के वार्ड क्रमांक 2 में बाबरा पेट्रोल पम्प के सामने गली में रहने वाले पालपारा निवासी बबलू मंडल 50 वर्ष के रूप में हुई है। मृतक ठेला चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। मृतक के पुत्र दीप मंडल 24 वर्ष का कहना है कि रात 10.30 बजे तक उसके पिता घर के पास ही बैठे थे। घटनास्थल पर वे कब और कैसे पहुंचे, उसे यह पता नहीं है। सुबह पिता का शव गांधीनगर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित अंकिता एग सेंटर के पास पड़े रहने का पता चला। इसके बाद मोहल्लेवासियों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वह मौके पर पहुंचा था।

रात 11 से 12 बजे के बीच घटना को दिया अंजाम
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी सहित अन्य पुलिस कर्मी व फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की जांच में मृतक के सीने में चाकू के गहरे वार के निशान मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला कि रात को 11 से 12 बजे के बीच एक युवती सहित दो युवकों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने 12 घंटे के अंतराल में संदेही युवती को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी युवकों की तलाश जारी है। हत्या किस वजह से की गई यह फिलहाल अस्पष्ट है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती नशेड़ी प्रवृत्ति की है।

पार्षद ने कहा-बड़े पैमाने पर चल रहा नशे का कारोबार
वार्ड के पार्षद विपिन पांडेय का कहना है कि इलाके में बड़े पैमाने पर नशे का कारोबार चल रहा है। नशीली इंजेक्शन सहित शराब के नशे की गिरफ्त में युवक-युवती आ रहे हैं। पुलिस विभाग को नशे का कारोबार थमे, इस दिशा में ध्यान देने की जरूरत है। बहरहाल पुलिस ने शव का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है, और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: