समय-सीमा की बैठक में एसआईआर मतदाता दावा-आपत्ति, धान खरीदी, पीवीटीजी रोजगार एवं विभागीय लंबित प्रकरणों की समीक्षा

अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा लंबित प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने एसआईआर की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मतदाता सूची से संबंधित समस्त दावा-आपत्ति प्रकरणों का अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन एंट्री के दौरान जन्म, निवास, आय एवं विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) से संबंधित पात्र मतदाताओं के नाम किसी भी स्थिति में न कटें। पीवीटीजी मतदाताओं के नामों को विशेष सतर्कता के साथ एसआईआर में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग को निर्देश दिया कि पीवीटीजी वर्ग के 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएट एवं पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं की चिन्हित कर काउंसिलिंग करें, जिससे आने वाले शिक्षा सत्र में अतिथि शिक्षक तथा अतिथि व्याख्याताओं की भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता के साथ अवसर दिया सके। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, अमृत लाल ध्रुव, नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

धान खरीदी एवं उठाव की समीक्षा
कलेक्टर अजीत वसंत ने समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में धान खरीदी के मात्र 19 दिन शेष हैं, सभी संबंधित विभाग कार्यों में और अधिक गति लाएं। उन्होंने जिले में जारी समस्त टोकनों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने रकबा समर्पण बढ़ाने, समितियों पर सतत एवं प्रभावी निगरानी रखने, किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील समितियों में धान उठाव पर विशेष निगरानी रखने पर जोर देते हुए कहा कि मिलर्स द्वारा डीओ कटने के पश्चात समय पर धान का उठाव सुनिश्चित करें, जिससे खरीदी प्रभावित न हो। उन्होंने वीडियो कॉलिंग के माध्यम से धान उठाव की नियमित निगरानी करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। एकीकृत किसान पोर्टल में रकबा सुधार का विवरण 7 जनवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने, किसानों को धान के समर्थन मूल्य का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बच्चों के आधार अपडेटेशन पर फोकस
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलवार बच्चों के आधार अपडेटेशन में प्रगति लाई जाए। साथ ही बच्चों के जन्म, जाति एवं आय प्रमाण पत्र से संबंधित दस्तावेजों की सूची एसडीएम कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि समन्वय के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा शासकीय योजनाओं से वंचित न रहे।

दूरस्थ क्षेत्रों के गांव में ही मिलेगा राशन
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन दूरस्थ ग्रामों एवं पारा-टोलों में लोगों को 5 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर पीडीएस दुकान जाना पड़ता है, वहां गांव में ही राशन वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस हेतु जनपद पंचायत सीईओ से आश्रित ग्रामों की सूची प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

लंबित प्रकरणों एवं डीएमएफ कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं विभागवार लंबित प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने डीएमएफ मद से स्वीकृत पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए पूर्ण निर्माण कार्यों की यूसीसी शीघ्र उपलब्ध कराने तथा अपूर्ण कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण एजेंसी को कार्य पूर्ण होने के उपरांत समय पर टीएस जारी करने कहा है।

स्वास्थ्य विभाग एवं जनमन योजना के कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने दरिमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सीजीएमएससी द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही दरिमा स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित ऑपरेशन थियेटर को फंक्शनल करने हेतु आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने कहा। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि का समय पर वितरण सुनिश्चित करने कहा। इसके अतिरिक्त पीएम जनमन योजनांतर्गत मल्टीपर्पज सेंटर, सड़क, पीएम आवास, आंगनबाड़ी केंद्र, मोबाइल कनेक्टिविटी, विद्युतीकरण सहित अन्य कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Categorized in: