0 औद्योगिक परिक्षेत्र नयनपुर में हुआ हादसा
0 स्थित की गम्भीरता को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल किया गया था तैनात
सूरजपुर। शनिवार की सुबह जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम नयनपुर औद्योगिक परिक्षेत्र स्थित मित्तल कोल्ड स्टोर के कैम्पस से लगे राईस मिल की दीवार गिरने से वहां काम कर रहे चार मजदूर मलवा में दब गए जिसमे से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 1 मजदूर ने यहां जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दमतोड़ दिया। वहीं एक आहत का उपचार किया जा रहा है। बताया गया है कि अत्यधिक चावल के दबाव के कारण भारी भरकम दीवार भरभराकर वहां पर काम कर रहे मजदूरों के ऊपर गिर गई। जिससे यह गंभीर हादसा हो गया। घटना के संदर्भ में बताया गया है कि नयनपुर औद्योगिक परिक्षेत्र में मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोडक्ट परिसर में ही राईस मिल स्थित है। जहां मिल से निकलने वाले चावल और कनकी जो अलग अलग निकलता है के बीच मे एक बड़ी दीवार थी। दीवार के दूसरी तरफ जहां कनकी थी जिसे  बोर में भरने के लिए चार मजदूर दीवार जिनमे मोलसाय, वेद सिंह, माने राजवाड़े एवं सुरेंद्र सिंह शामिल थे लगे हुए थे। इस दौरान दीवार के दूसरी तरफ बड़ी मात्रा में चावल निकल रहा था जिसके दबाव को दीवार झेल नहीं पाया और भारी भरकम दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से चारो मजदूर उसके मलवे में दब गए। दीवार गिरने से वहां अफरा तफरी की स्थित निर्मित हो गई और चीख पुकार मच गई। मौके पर मौजूद मजदूरों ने किसी तरह से मलवे में दबे मजदूरों को मलवे से बाहर निकाला। तब तक दो की मौके पर ही सांसे थम गई थी जबकि दो गम्भीर रूप से आहत थे जिन्हें तत्काल यहां जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया था। जहां उपचार के दौरान एक आहत मजदूर की मौत हो गई है। जबकि हादसे में घायल 27 वर्षीय सुरेंद्र सिंह का उपचार किया जा रहा है। मृतकों में वेद सिंह 35 वर्ष ग्राम बेलटिकरी, ओलसाय 40 वर्ष ग्राम डेडरी तथा माने राजवाड़े 27 वर्ष ग्राम चुनगड़ी शामिल है।
0 मौके पर पहुंचे कलेक्टर एवं एसएसपी
घटना की सूचना लगते ही मौके पर कलेक्टर एस जयवर्धन, एसएसपी प्रशांत ठाकुर सहित एएसपी संतोष महतो, एसडीएम शिवानी जयसवाल, तहसीलदार सूर्यकांत साय सहित जिले के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। स्थित की गम्भीरता एवं किसी अप्रिय घटना के मद्देनजर धटना स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। अधिकारियों की मौजूदगी में शव परीक्षण उपरांत उनके परिजनों को सौप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
0 संचालक ने दी सहायता राशि
बताया गया है कि मिल संचालक ने मृतकों के परिजनों को एक- एक लाख तथा आहत को 50 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई जो एसडीएम के द्वारा प्रदान की गई है।

Categorized in: