सीतापुर थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई से भड़के थे ग्रामीण

अंबिकापुर। सरगुजा के सीतापुर में 30 नवंबर को एक शादी समारोह में कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ, इसके बाद बात मारपीट तक आ पहुंची। दोनों पक्ष थाने पहुंचे लेकिन पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत सुनकर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई से नाराज उरांव समाज ने सोमवार की रात 4 घंटे नेशनल हाईवे में चक्काजाम कर दिया। देर रात 1.30 बजे तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लम्बी कतार लग गई। 2 दिसंबर, मंगलवार को उरांव समाज के लोगों ने नगर बंद का आह्वान किया और रैली निकाली। तनाव की स्थिति को देखते हुए सीतापुर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला कायम करके 13 लोगों को गिरफ्तार किया है और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक एक दिसम्बर को निहाल खलखो निवासी उरांवपारा ने सीतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि जब वह अपने मोहल्ले के एक व्यक्ति को उसके घर छोड़ने जा रहा था, तभी पूर्व में हुए मामूली झगड़ा, विवाद का बदला लेने की नीयत से लाठी, डंडा, लोहे का रॉड लेकर उरांव मुहल्ला में टोकोपारा सीतापुर का हीरालाल कुजूर, छोटू खान, आशिक खान, सुहेल खान, जावेद अहमद, शाबीर हसन, अतीक खान अपने अन्य साथियों के साथ कार, मोटरसाइकल एवं स्कार्पियो वाहन में पहुंचेे और मारपीट की घटना को अंजाम दिए। पूर्व में एकपक्षीय रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई में लगी पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 462/2025 धारा 296, 351(2), 115(2), 191(1), 191(3), 190, 331(7) बीएनएस व एसटी, एससी एक्ट की धारा 3(2) (5) (क) का अपराध पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया। विवेचना दौरान प्रकरण में अपराध की नियति अनुसार धारा 152, 61, बी.एन.एस जोड़ा गया और पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके पहले पुलिस की लचर कार्यप्रणाली को लेकर लोग आवेशित हो गए और एक दिसम्बर को देर रात तक एनएच में चक्काजाम करने के बाद मंगलवार, 2 दिसम्बर को नगर बंद का आह्वान किया, और सीतापुर थाना के सामने ही धरना-प्रदर्शन करने लगे। रात में ही घटना का जायजा लेने के लिए पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मामले की पड़ताल शुरू की और थाना क्षेत्र के एक आरोपी हीरालाल कुजूर पिता दिलबहार कुजूर 23 वर्ष निवासी घासीपारा को तलब कर पूछताछ की, तो उसने 30.11.2025 को उरांव पारा में शादी समारोह के बीच साजिद खान का टेंट लगाने के दौरान झगड़ा-विवाद का बदला लेने एक राय होकर अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे के साथ मारपीट करना स्वीकार किया।

इस कारण मामला पकड़ा तूल
घटना के विरोध में उरांव समाज ने मंगलवार, 2 दिसंबर को नगर बंद का आह्वान किया। सुबह नगर बंद का आंशिक असर रहा। दोपहर में उरांव समाज ने नगर में रैली निकालकर नगर बंद कराया। पुलिस ने तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त बल सीतापुर में तैनात किया था। मामले में पुलिस पर लापरवाही के आरोप भी लगे। कहना था कि उरांव पारा में दोपहिया और चारपहिया वाहनों में सवार होकर पहुंचे लोगों के द्वारा उत्पात मचाने की सूचना पुलिस को मिलने के बाद भी तत्काल पुलिस हरकत में नहीं आई, बाद में दो आरक्षक पैदल पहुंचे, जिस कारण मामले ने तूल पकड़ लिया।

इन आरोपियों को गिरफ्तार की पुलिस
आशिक खान पिता रोशन खान 20 वर्ष निवासी बैकुंठपुर जिला कोरिया, हीरालाल कुजूर पिता दिलबहार कुजूर 23 वर्ष, छोटू खान पिता बसीउद्दीन खान 24 वर्ष, सुहेल खान पिता जाबीर खान 24 वर्ष, अनिल कुजूर पिता दिलबहार कुजूर 18 वर्ष, रेसालत खान पिता नेसर खान 22 वर्ष, बाबू आलम पिता बबलू आलम 24 वर्ष सभी निवासी घासीपारा, शाबीर हसन पिता जमालुददीन 36 वर्ष निवासी पुटुकेला तेलईधार थाना सीतापुर, फैजुल्ला खान पिता जाहिरूल्ला खान 33 वर्ष, मो. मुरतजा पिता स्व. मो. शब्बीर 28 वर्ष, मोहसीन खान पिता साफर खान 21 वर्ष, अतीक खान पिता अमीन खान 27 वर्ष सभी निवासी रायकेरा थाना सीतापुर, जावेद अहमद पिता खुरशाद अहमद 25 वर्ष निवासी कण्डारा थाना कुनकुरी जिला जशपुर। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकल, लाठी, डंडा पुलिस ने जप्त किया है।

कार्रवाई में ये रहे शामिल
प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु थाना सीतापुर एवं साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की, और आरोपियों का चिन्हांकन करने के बाद घेराबंदी करके गिरफ्तार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर निरीक्षक सी.आर. चंद्रा, उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, थाना प्रभारी बतौली उपनिरीक्षक सी.पी. तिवारी, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, राहुल केरकेट्टा, रमेश राजवाड़े, रमन मंडल, राहुल सिंह, अमित विश्वकर्मा, नितिन सिन्हा सक्रिय रहे।

 

Categorized in: