बैग, वर्दी, शासकीय दस्तावेज ले गए, एक आरोपी अपना मोबाइल फोन छोड़कर भागा

अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के राजपुर बीट में पदस्थ वनरक्षक ने जंगल क्षेत्र में बैठकर शराब पी रहे युवकों को कहीं और जाकर शराब पीने के लिए कहा, तो वे आवेशित होकर मारपीट करने लगे और वनरक्षक के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपी वनरक्षक का वर्दी, सहित अन्य दस्तावेज लेकर भाग गए। घटना में शामिल तीन आरोपियों में से एक का वनप्लस मोबाइल फोन मौके पर छूट गया, जिसे वनरक्षक ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक वनरक्षक प्रमीठ कुमार पिता तपेश्वर प्रसाद 35 वर्ष, ग्राम खटवाबरदर बीट राजपुर में परिसर रक्षक के पद पर पदस्थ है। 30 नवम्बर को दोपहर करीब 2 बजे वन खंड कक्ष क्रमांक 2758 में बाघ गणना ट्रांजिट लाइन तैयार किया जा रहा था, इस दौरान 3 अज्ञात व्यक्ति जंगल के अंदर बैठकर शराब का सेवन करते मिले। वनरक्षक ने इन्हें अन्यत्र जाकर शराब पीने के लिए कहा तो तीनों शासकीय कार्य में बाधक बनते हुए उसके साथ झूमाझटकी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोपियों ने वनरक्षक पर पत्थर से हमला किया, जिसमें उसे सिर व चेहरे में चोट आई है। आरोपियों ने वनरक्षक के वाहन क्रमांक सीजी 15 सीटी 0384 का शीशा पत्थर से वार करके फोड़ दिया, जिससे करीब 30-40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मारपीट करने के बाद वनप्लस मोबाइल फोन का स्वामी व अन्य 2 व्यक्ति वनरक्षक का बैग, वर्दी, शासकीय दस्तावेज व बीट हैमर लेकर अपने मोटरसायकल से भाग गए। रिपोर्ट पर राजपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 121(1), 132, 221, 296, 3(5), 324(4), 351(2) का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: