एसीबी की टीम ने बुधवार को एक किसान से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते किया था गिरफ्तार

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में आरईएस विभाग में पदस्थ एसडीओ ऋषिकांत तिवारी को एक किसान से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को देर शाम रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम ने इनके घर की तलाशी ली तो 2 लाख 27 हजार रुपये नकद, 52 लाख का फिक्स डिपाजिट, सोने-चांदी का जेवर, भूमि से संबंधित कागजात, बैंक खाते और बीमा योजनाओं में लाखों रुपये जमा पाए गए। एसीबी के अधिकारी और डिटेल निकालने में लगे हैं। गुरुवार को इन्हें सूरजपुर न्यायालय में पेश किया गया है।

बता दें कि प्रेमनगर के नवापारा खुर्द निवासी डिसम्बर सिंह पिता स्व. काशीराम, निवासी ग्राम नवापारा खुर्द, मंहगई, प्रेमनगर की निजी भूमि पर प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत तालाब निर्माण की स्वीकृति चालू वर्ष जून माह में मिली थी। डिसम्बर सिंह ने 1 लाख 82 हजार रुपये का तालाब निर्माण कराया था। निर्माण कार्य का मूल्यांकन आरईएस विभाग में पदस्थ एसडीओ ऋषिकांत तिवारी को करना था। मूल्यांकन व रिपोर्ट तैयार करने के एवज में एसडीओ ने उससे 15 हजार रुपये की मांग की थी। काफी अनुरोध के बाद भी जब बात नहीं बनी तो वह भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करने के बजाए उक्त अधिकारी को सबक सिखाने की ठाना और इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो में किया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी की टीम ने ऋषिकांत तिवारी को रंगे हाथों ट्रैप करने की योजना बनाई। 12 नवंबर को देर शाम डिसम्बर सिंह को रिश्वत की रकम का लेनदेन करने के लिए अधिकारी ने अपने निवास पर बुलाया था। जैसे ही केमिकल लगा 15 हजार रुपये एसडीओ के हाथ में डिसम्बर सिंह दिया, पहले से मौजूद एसीबी की टीम उसे दबोच ली। एसीबी के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस के नेतृत्व में टीम एसडीओ को लेकर उनके घर पहुंची और अग्रिम जांच कार्रवाई पूरी की।

Categorized in: