अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गोरसीडबरा में गुरुवार की सुबह पति-पत्नी आपस में झगड़ा कर रहे थे। पड़ोस में रहने वाली भाभी बीच-बचाव करने पहुंची तो देवर ने टांगी से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराए थे, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सोनमतिया बाई यादव पति तीरथ यादव गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गोरसीडबरा विशुनपुर खुर्द की रहने वाली थी। इसके घर के बगल में देवर गोपी यादव पत्नी के साथ रहता है। गुरुवार की सुबह गोपी पत्नी के साथ झगड़ा कर रहा था। इस दौरान गोपी की भाभी सोनमतिया बीच-बचाव कर रही थी, तभी देवर ने हाथ में रखे टांगी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराए थे। सूचना पर गांधीनगर पुलिस ने पहले ही आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया था। महिला की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घर से फरार हो गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी जब्त किया है।

Categorized in: