बलरामपुर। जिले की प्राथमिक शाला लेफरी में त्रैमासिक परीक्षा के पहले ही दिन अव्यवस्था व गंभीर लापरवाही सामने आई है। परीक्षा देने पहुंचे मासूम बच्चे घंटों स्कूल में इंतजार करते रहे, लेकिन कोई शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू होनी थी, लेकिन 12 बजे तक यहां पदस्थ दोनों शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे। कक्षा पहली से 8वीं तक के सभी बच्चे परीक्षा कक्ष में बैठे रहे और समय पर शिक्षकों के स्कूल नहीं पहुंचने से निराश होकर इंतजार करते रहे। इसके बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बनाया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मासूम बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली इस लापरवाही पर ग्रामीणों और परिजनों ने आक्रोश जताया है। लोगों का कहना है कि जब दो-दो शिक्षक पदस्थ हैं, तब भी स्कूल का हाल ऐसा क्यों है? क्या बच्चों की पढ़ाई और भविष्य शिक्षा विभाग की प्राथमिकता में नहीं है? कब सुधरेगी शिक्षा व्यवस्था? घटना ने एक बार फिर से विभाग की लापरवाह कार्यशैली और जवाबदेही पर बड़े प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

Categorized in: