जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रमदान कर किया प्लास्टिक अपशिष्ट का संग्रहण
अंबिकापुर। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सरगुजा जिले के मैनपाट जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत रोपाखार में शनिवार को देश का पहला ग्रामीण गार्बेज कैफे शुरू किया गया। यह कैफे स्थानीय स्तर पर प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जिला प्रशासन सरगुजा, एलआईसी एचएफएल ग्रीन टुमॉरो परियोजना तथा फिनिश सोसायटी की अनूठी पहल है।
ग्रामीण गार्बेज कैफे का शुभारंभ मैनपाट जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोषी पैकरा, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, सरपंच, उपसरपंच एवं जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने सामूहिक रूप से किया। कैफे का संचालन कार्ब हट किचन, रोपाखार में किया जाएगा। जहां एक किलो प्लास्टिक (सफेद प्लास्टिक, पानी की बोतल, एल्युमिनियम केन, कांच की बोतल) देने पर नाश्ता मिलेगा और 2 किलो प्लास्टिक देने पर भोजन की सुविधा उपलब्ध होगी। जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोषी पैकरा ने कहा कि मैनपाट सरगुजा की पहचान है, इसे स्वच्छ व सुघ्घर रखना हम सबका दायित्व है। जिला प्रशासन ने प्लास्टिक कचरे से मुक्ति दिलाने की अभिनव पहल की है, जिसके लिए हम मैनपाट की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हैं। ग्राम पंचायत रोपाखार के उप सरपंच रजनीश पांडेय ने कहा कि मैनपाट में विविध समुदाय के लोग रहते हैं और यहां लगातार पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में स्वच्छ और सुंदर मैनपाट हमारी जिम्मेदारी है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण मिले और हमारे गांव का नाम रोशन हो। जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि 17 सितम्बर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक पूरे देश में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मैनपाट जैसे हिल स्टेशन पर प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहण और जागरूकता के लिए ग्रामीण गार्बेज कैफे का नवाचार किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को ‘कचरा लाओ और खाना पाओÓ जैसी सरल व्यवस्था से स्वच्छता के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों से अपील की गई कि वे नियमित रूप से यूजर चार्ज का भुगतान करें, जिससे स्वच्छताग्राही दीदियों की आजीविका मजबूत होगी, जो गांव-गांव में सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य कर रही हैं। इस दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अनिल सिंह, तिब्बती कॉलोनी सेटलमेंट अधिकारी सुश्री यंगत्सो, सरपंच रोपाखर सुखु मांझी, कमलेश्वरपुर सरपंच घुरनी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे

Categorized in: