मामला सकालो के बहुउद्देशीय सहकारी समिति में 267 रुपये का यूरिया 600 में बिकने का
अंबिकापुर। सरगुजा में यूरिया की किल्लत झेल रहे किसानों को आपूर्ति के बाद भी राहत नहीं मिली है। सहकारी समिति में 600 रुपये में बेचने से परेशान किसान ने सीधे कृषि मंत्री रामविचार नेताम को फोन लगाकर इसकी जानकारी दी। मंत्री ने कलेक्टर विलास भोस्कर को कार्रवाई के निर्देश दिए, अब बहुउद्देशीय सहकारी समिति के गोदाम को सील कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सरगुजा में यूरिया की कालाबाजारी पर लगातार कार्रवाई के बाद भी स्थिति नहीं बदली है। यूरिया की किल्लत के कारण किसानों को हो रही परेशानी के बाद सरकार ने पहल कर यूरिया की अतिरिक्त आपूर्ति कराई। यूरिया सहकारी समितियों और दुकानदारों तक पहुंच गया है। इसके बाद भी यूरिया किसानों को मंहगे दामों में खरीदना पड़ रहा है। अंबिकापुर से लगे सकालो के बहुउद्देशीय सहकारी समिति में 267 रुपये का यूरिया 600 में बेचा जा रहा था। इससे परेशान एक किसान ने मंत्री रामविचार नेताम को फोन किया। मंत्री ने कलेक्टर सरगुजा विलास भोस्कर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिया। कलेक्टर विलास भोस्कर के निर्देश पर फर्टीलाइजर इंस्पेक्टर सोहन भगत के नेतृत्व में टीम सकालो पहुंची। बहुउद्देशीय सहकारी समिति के गोदाम को सील कर दिया। कृषि विभाग की टीम ने शनिवार को सहकारी समिति से यूरिया खरीदने वाले किसानों का बयान भी लिया है।
खाद की पर्याप्त आपूर्ति, कालाबाजारी पर कार्रवाई
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने यूरिया की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरगुजा संभाग में यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति कर दी गई है। यूरिया की आपूर्ति के पूर्व किसान 1200 से 1500 रुपये तक प्रति बोरी यूरिया खरीदने मजबूर थे। कालाबाजारी की शिकायतों पर कई विक्रेताओं पर कार्रवाई भी हुई है, हालांकि इसमें खानापूर्ति ज्यादा हुई।
गोदाम सील तो फॉर्म हाउस से बेच रहे यूरिया
किसानों ने बताया कि, बहुउद्देशीय सहकारी समिति का संचालन करने वाले प्रभावशाली हैं। गोदाम के अलावा फॉर्म हाउस में भी यूरिया का भंडारण किया गया है। गोदाम को सील करने के बाद फॉर्म हाउस से मंहगे दरों पर यूरिया बेचा जा रहा है। हालांकि इसकी तस्दीक नहीं हो पाई है।

Categorized in: