एनएचएम के कर्मचारी राज्यपाल से इच्छामृत्यु की करेंगे मांग, तैयार किया ज्ञापन
अंबिकापुर। अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे एनएचएम के कर्मचारियों ने 28वें दिन इच्छा मृत्यु की मांग करते हुए राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन पत्र तैयार किया है। प्रदेश भर के एनएचएम से संबद्ध अधिकारी और कर्मचारी राजधानी रायपुर में रैली निकाल कर ज्ञापन पत्र को राज्यपाल को सौंपेंगे। इसके पीछे कारण मांगों की पूर्ति के लिए कदम उठाने के बजाए सरकार की ओर से कर्मचारियों को सेवा से पृथक करने जैसा कदम उठाना है।
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारी नियमितीकरण सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के 28वें दिन प्रदेश के 33 जिलों में एनएचएम के कर्मचारियों ने मांगे पूरी नहीं होने से नाराज होकर इच्छा मृत्यु की मांग प्रदेश के राज्यपाल से की है। इसे लेकर कर्मचारियों के द्वारा राज्यपाल के नाम ज्ञापन तैयार कर लिया गया है। आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बड़ी रैली निकालकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई है। हड़ताल के 28वें दिन तक इन कर्मचारियों के द्वारा तरह-तरह के प्रदर्शन कर सरकार को जगाने का प्रयास किया गया है, मगर सरकार का इनकी और ध्यान नहीं गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री इनकी पांच मांगों को पूरा करने की बात कह रहे हैं मगर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को मौखिक नहीं लिखित में आश्वासन की दरकार है, जो अब तक इन्हें प्राप्त नहीं हो सका है। इनका कहना है कि अगर सरकार उनकी पांच मांगों को पूरा की है, तो तत्संबंध में आदेश निकालने से क्यों गुरेज कर रही है। वहीं नई भर्ती प्रक्रिया में लोगों को मौका देने जैसा बयान सामने आने से एनएचएम के कर्मचारीं और भी कुपित हैं। देखना होगा कि लगातार सरकार से अपनी मांगों को लेकर आग्रह करने के बाद अब एनएचएम के कर्मचारियों की मांग के प्रति सरकार कितनी संजीदा होती है, या त्योहारी यात्रा हड़ताल करते बिताने ये विवश होंगे।

Categorized in: