नर्स पर बीपी मशीन फेंककर हमला की कोशिश, चिकित्सक भागकर पहुंचे थाने
अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ में नशे में धुत होकर पत्नी व अन्य लोगों के साथ पहुंचे एक व्यक्ति ने चिकित्सक, स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते जान से मारने की धमकी देकर मारपीट और शासकीय संपत्ति को तोड़-फोड़कर क्षतिग्रस्त करने जैसी घटना को अंजाम दिया। घटना से चिकित्सक सहित अन्य कर्मचारी दहशत में हैं। अस्पताल में ड्यूटी करने के दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में थाना शंकरगढ़ की पुलिस के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने की सु्रगबुगाहट मिल रही है। हालांकि पुलिस ने किस प्रकार की अग्रिम कार्रवाई की है, यह पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ में खण्ड चिकित्या अधिकारी के पद पर पदस्थ डॉ. आफताब अंसारी पिता इंतेखाब अंसारी 38 साल, निवासी महुआडीह 15 अगस्त को स्वीपर सुरेश काशी और स्टाफ नर्स तारा एक्का के साथ ड्यूटी कर रहे थे, स्टाफ नर्स आस्था पटेल आपातकालीन वार्ड में ड्युटी कर रही थी। इसी दौरान रात्रि लगभग 7.30 बजे ओपीडी के पास शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति, महिला सहित तीन-चार अन्य लोगों के साथ आया और गाली-गलौज करते हुए माहौल खराब करने लगा। गाली देने से मना करने पर वह चिकित्सक से भिड़ गया, जिस पर वहां उपस्थित सुरेश काशी रोड़ा बना, तो वह जान से मारने की धमकी देते हुए उसका गला दबाने लगा, जिसे उसके साथ आए लोगों व चिकित्सक ने छुड़ाया। इसके बाद सभी आपातकालीन वार्ड में घुस गए और वहां पर ड्यूटी कर रही स्टाफ नर्स आस्था पटेल से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर वार्ड में रखे ब्लडप्रेशर मशीन को नर्स की ओर फेंका, तो वह जान बचाकर मौके से भागी। अस्पताल में घुसकर इस प्रकार की हरकत को रोकने चिकित्सक सामने आए तो आरोपी उनका भी गला दबाने लगा, इससे छुटकारा पाकर जब वे भागने की कोशिश किए तो वार्ड में रखे लोहे की कुर्सी को उठाकर मारने के लिए दौड़ा। इसकी जानकारी वे थाना पहुंचकर प्रभारी को दिए। कुछ देर में वहां पर तीन पुलिस के जवान आए, उनके द्वारा भी उक्त व्यक्ति को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह आक्रोशित होकर ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर अस्पताल के स्टॉफ, पुलिस और मरीजों को मारने के लिए होने लगा, जिससे बचने के लिए सभी इधर-उधर हो लिए। आरोपी ने वार्ड के एल्युमीनियम के बने हुए इंजेक्शन टेकिंग रूम को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी हरकत से लगभग 50 हजार रुपये के शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
पत्नी दी देख लेने की धमकी
साथ में आई महिला खुद को उक्त व्यक्ति की पत्नी बताया। नाम, पता पूछने पर वह अपने पति का नाम प्रबोध एक्का पिता सैलूस एक्का 40 साल, निवासी तलासिल्ली, सोनक्यारी जिला जशपुर बताई, जो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेहड़ा में सहायक शिक्षक विज्ञान (एलबी) के पद पर पदस्थ है। आरोप है कि पति की हरकत को अपनी आंखों से देखने के बाद भी पत्नी ने उल्टा चिकित्सक व स्टाफ को देख लेने की धमकी दी।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने प्रबोध एक्का के विरूद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी (संशोधन) अधिनियम 2002 की धारा 36(च)(2), लोक सम्पत्ति नुकसानी का निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3, छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवक तथा चिकित्सा सेवा संस्थान, हिंसा तथा सम्पति की क्षति या हानि की रोकथाम अधिनियम 2010 की धारा 4, बीएनएस की धारा 115(2), 132, 221, 296, 324(3), 351(2) का मामला दर्ज किया है।

Categorized in: