अंबिकापुर। दरिमा थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चरित्र शंका एवं पूर्व रंजिश होने पर आरोपी ने हत्या की घटना को अंजाम दिया था। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार है, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।


जानकारी के मुताबिक मृतक शंकर यादव पिता अशोक यादव 26 वर्ष निवासी सखौली घटना दिनांक 24 मार्च 2023 को रात के समय अपने बिना दरवाजा लगे घर के कमरे में अकेला सोया था। रात्रि 10-11 बजे शंकर यादव के चिल्लाने की आवाज आने पर उसके माता-पिता एवं अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे तो उसके सिर में गहरा चोट लगा था और खून निकल रहा था। स्वजन उसे इलाज के लिए डॉयल 112 वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर गए। यहां से रिफर करने पर रायपुर डॉ. बीआर अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराए थे, जहां शंकर यादव की मौत हो गई थी। मामले में थाना मौदहापारा रायपुर में बिना नंबरी मर्ग कायम किया गया था और पंचनामा कार्रवाई के बाद ड्यूटी डॉक्टर मेडिकल कॉलेज रायपुर द्वारा मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु सिर मे आई चोट के कारण होना लेख किया था। 22 अप्रैल 2023 को मर्ग डायरी प्राप्त होने पर पुलिस जांच में जुटी तो सामने आया कि घटना दिवस कैलाश सोनवानी एवं अन्य आरोपी लोगों को घटनास्थल के आसपास लोगों ने देखा था। प्रकरण में धारा सदर 302 भा.द.वि. कायम करके पुलिस अग्रिम विवेचना की तो सामने आया कि आरोपी कैलाश सोनवानी मृतक शंकर यादव पर अपनी पत्नी के साथ चरित्र को लेकर संदेह करता था। पूर्व में भी आरोपी ने शंकर यादव को मोबाइल के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी थी। कुछ लोगों ने आरोपियों को मृतक के घर से निकलते भी देखा था। परिस्थितिजन्य साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी कैलाश सोनवानी पिता स्व. राजू सोनवानी 32 वर्ष निवासी ग्राम शिवपुर, थाना लखनुपर को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है। एक अन्य आरोपी के तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक भरतलाल साहू, आरक्षक अकलेश यादव, टिकेश्वर सिंह, गोविन्द टोप्पो, अशोक कुजूर, नमीष सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: