दो ट्रकों में लोड करके महासमुंद भेजा गया 71.860 टन कोयला दो माह बाद भी नहीं पहुंचा

अंबिकापुर। कोयला लोड ट्रकों को गंतव्य तक नहीं पहुंचाकर दो ट्रकों में लोड 71.860 टन कोयला गबन करने के मामले में लखनपुर थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्टर की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर लिया है। दोनों ट्रक में लोड कोयले की कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।


भारत माता चैक में एस.के. ग्लोबल कम्पनी के नाम से कार्यालय खोलकर कोयला ट्रेडिंग का कारोबार करने वाले ट्रांसपोर्टर मो. इम्तेयाज खान पिता मोहम्मद इसराफिल 36 वर्ष, निवासी सदर रोड बरेजपारा, अंबिकापुर ने पुलिस को बताया है कि वर्तमान में उनके द्वारा ट्रेडिंग कम्पनी के नाम पर ई-ऑक्शन में एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र, अमेरा खदान लखनपुर से कोयला खरीदी करके करनी कृपा पावर प्राइवेट लिमिटेड महासमुंद छत्तीसगढ़ को बिक्री किया गया। इसके बाद अमेरा खदान से ट्रकों में कोयला लोड कराकर महासमुंद उनके द्वारा भेजा जा रहा था। इसी बीच वाट्सअप ग्रुप में दो गाड़ी कोयला के लिए अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया, तो 12 मई 2025 को 22 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 12 बीके 3125 में 34.170 टन व दूसरे 22 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 12 बीके 5998 में ड्रायवर पंकज दुबे एवं एक अज्ञात ड्रायवर अमेरा खदान से कोयला लोड करके महासमुंद के लिए रवाना हुए। दोनों गाड़ी में 1300 रुपये प्रति टन के हिसाब से कुल 71.860 टन कोयला लोड था। शाम 7 बजे वाहन चालकों को बिल्टी व बिल तैयार करके दिया गया। इसके बाद मोबाइल के जरिए वाहन मालिक से मोबाइल में बातचीत होने पर एडवांस के तौर पर दोनों गाड़ियों के चालक को 30-30 हजार रुपये डीजल डलवाने हेतु दिया गया, इसके बाद दोनों गाड़ी के चालक आनंद फ्यूल से डीजल डलवाकर करनी कृपा पावर महासमुंद के लिए रवाना हुए। दोनों गाड़ी को दो दिन के अंदर महासमुंद पहुंच जाना था, किन्तु निर्धारित समय पर दोनों ट्रकें गंतव्य तक नहीं पहुंची। कोयला लोड ट्रकों का तलाश करने पर भी कुछ कुछ पता नहीं चला। तथाकथित वाहन मालिक से मोबाइल में संपर्क करने पर वह बहाना बनाने लगा। 7-8 दिन तक की गई मशक्कत के बाद भी दोनों ट्रक व चालकों का पता नहीं चला। पुलिस ने मामले की ट्रांसपोर्टर के द्वारा की गई शिकायत पर दोनों गाड़ी के चालकों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।

Categorized in: