कोंडागांव के भाजपा नेता को खनिज विकास निगम में बड़ा पद दिलाने का लालच देकर एक महिला ने उनसे 41.3 लाख रुपए की ठगी कर दी। महिला ने खुद को दिल्ली में भाजपा व आरएसएस का पदाधिकारी बताते हुए उनसे संपर्क किया था और उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम में शीर्ष पद दिलाने का वादा किया था। बदले में उसने भाजपा नेता से 3 करोड़ रुपए मांगे थे। शख्स के साथ हुई इस ठगी का खुलासा तब हुआ, जब निगम-मंडलों हुई नियुक्तियों में उसका नाम नहीं निकला और महिला ने उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। जिसके चलते उन्हें लगा कि पैसा देने से वह खनिज विकास निगम के अध्यक्ष बन जाएंगे। सबसे खास बात तो यह है कि जिस महिला ने उनके साथ यह धोखाधड़ी की उसका भाजपा से दूर-दूर तक कोई नाता ही नहीं मिला।

मामले की जानकारी देते हुए बुधवार को पुलिस ने बताया कि ठगी की यह वारदात भाजपा की कोंडागांव जिला इकाई के कोर ग्रुप के सदस्य संतोष कटारिया (64) के साथ हुई। पुलिस के अनुसार संतोष कटारिया (64) ने इस मामले में केशकाल पुलिस स्टेशन में काजल जोशी उर्फ कोमल इंगुले और राजीव सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी के अनुसार, रायपुर निवासी सोनी ने ही उनका परिचय काजल जोशी से कराया था।

महिला ने कहा था- मेरे कई मंत्रियों से अच्छे संबंध
20 जुलाई को पुलिस में दर्ज कराई अपनी शिकायत में कटारिया ने बताया कि खुद को नागपुर और दिल्ली का निवासी बताने वाली काजल जोशी ने पिछले साल 12 अगस्त को उनसे मोबाइल फोन पर संपर्क किया था और भाजपा व आरएसएस का पदाधिकारी होने का दावा किया था। कटारिया को झांसे में लेने के लिए जोशी ने यह भी दावा किया था कि उसके कई केंद्रीय मंत्रियों और छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों से अच्छे संपर्क हैं।

Categorized in: