अंबिकापुर। कोतवाली और गांधीनगर थाना पुलिस की टीम ने मोटरसायकल चोरी के 05 मामलों का पर्दाफास करते हुए एक बालिग एवं 5 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी किया गया 4 मोटरसायकल बरामद किया है। पूछताछ में थाना मणीपुर, दरिमा, गांधीनगर व कोतवाली क्षेत्र से मोटरसायकल चोरी के मामलों का पता चला है।
जानकारी के मुताबिक मो. मेराजुददीन निवासी मोमिनपुरा ने कोतवाली थाना अंबिकापुर में 12 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराया कि 10 जुलाई की शाम को वह अपने मोटरसायकल कमांक सीजी 15 डीएक्स 2778 को अपने घर के बाहर आंगन में खड़ा करके काम करने चला गया था। काम से आने के बाद खा-पीकर सो गया। अगले दिन सुबह काम पर जाने के लिए हुआ तो मोटरसायकल नहीं था। आस-पास तलाश के बाद भी मोटरसायकल का पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। विवेचना में लगी पुलिस टीम को 19 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसायकल को विधि के विरूद्ध संघर्षरत बालक उपयोग कर रहा है। पुलिस उक्त बालक से पूछताछ की तो उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उक्त दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसायकल को बरामद किया था। बालक के निशानदेही पर प्रकरण में शामिल दो अन्य विधि के विरूद्ध संघर्षरत बालकों को तलब कर पुलिस पूछताछ की तो इन्होंने मोटरसायकल चोरी करना स्वीकार किया। विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, संजीव चौबे, नितिन सिन्हा सक्रिय रहे।
दो बाइक सूरजपुर पुलिस ने किया है बरामद
दूसरे मामले में गांधीनगर थाना में जयप्रकाश सोनवानी निवासी नर्मदापारा अम्बेडकरनगर, थाना कमलेश्वरपुर ने 21 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 19 जुलाई को वह अपने मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 ईबी 6433 से अपने भाई रामा सोनवानी के किराए के रूम में खड़ा करके अपने दोस्त पृथ्वी के किराए के रूम के सोने के लिए चला गया, सुबह उठकर देखा तो रूम का दरवाजा खुला हुआ है और अंदर रखा मोटरसायकल नहीं था। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस विवेचना कर रही थी। घटनास्थल निरीक्षण कर पुलिस ने सूरजपुर जिला के संदेही सूर्यकान्त राजवाड़े पिता रुपसाय राजवाड़े 18 वर्ष, निवासी भुनेश्वरपुर चिखलापारा थाना रामानुजनगर एवं अन्य दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा और पूछताछ की तो इन्होंने शहर एवं आसपास के क्षेेत्रों से लगातार मोटरसायकल चोरी करना स्वीकार किया। इन्होंने शिवधारी कॉलोनी से जयप्रकाश का अपाचे मोटरसायकल एवं थाना मणीपुर अंतर्गत जिला अस्पताल से एनएस 160 क्रमांक सीजी 14 एमएस 6652 एवं माह जून में टीवीएस अपाचे क्रमांक सीजी 16 ईआर 6491, थाना दरिमा से याम्हा मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 ई 8861 चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस टीम आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक मोटरसायकल एवं चोरी किया गया एक मोटरसायकल जप्त किया है, दो मोटरसायकल सूरजपुर कोतवाली थाना में जप्त किया गया है। एक मोटरसायकल मामले में जप्त किया जाना शेष है। पुलिस ने बालिग आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक नवल दुबे, आरक्षक रमन मंडल, घनश्याम देवांगन, राहुल सिंह, बृजेश राय, धीरज सिंह, अतुल शर्मा, थाना मणीपुर से आरक्षक उमाशंकर साहू सक्रिय रहे।

Categorized in: