अम्बिकापुर। जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर अम्बिकापुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर मौत हो गई। वहीं लोगों की असंवेदनशीलता भी नजर आई। दरअसल डीजल खत्म होने के बाद एक पिकअप सड़क किनारे खड़ा था। तभी एक तेज रफ्तार बस आई और पिकअप से टकरा गई। जिससे पिकअप पलट गया और पिकअप में सवार ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिकअप में रखे मछलियों के कंटेनर पलट गए जिसे लूटने के लिए सड़क पर भीड़ जमा हो गई।

उदयपुर थाना क्षेत्र की घटना
घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, पिकअप रायपुर से अम्बिकापुर आ रहा था। उसमें मछली लोड थी। इसी दौरान रायपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने पीछे से पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। वहीं ग्रामीण पीड़ित की मदद करने की बजाए पिकअप में लदी मछलियों को लूटने के लिए टूट पड़े।

हादसे की सूचना पर उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दूसरी बसों को रोककर बस के सवारों को अम्बिकापुर भेजने की व्यवस्था की। पुलिस ने मामले में बस के चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मृतक चालक दिलीप कुमार यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

पिकअप के परखच्चे उड़े
बस और पिकअप की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। वहीं सिर पर सीने पर गंभीर चोट आने की वजह से पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप में लदी मछलियों को ग्रामीणों ने लूटना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि हादसे की जानकारी किसी ग्रामीण ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में उसी की गलती सामने आई है। उन्होंने कहा कि मछली लूटने वाले ग्रामीणों को भी समझाया गया है। हादसे के बाद ट्रैफिक को सही कर यातायत को शुरू किया गया।

Categorized in: