ठेकेदार ने न्यायालय परिसर में धमकी देने का लगाया आरोप, शिकायत पर केस दर्ज
अंबिकापुर। कलेक्टोरेट में न्यायालय परिसर के सामने बयान बदलने के लिए दबाव बनाने और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए ठेकेदार संतोष कुमार चौदहा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा से इसकी लिखित शिकायत की है, जिस पर गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

गांधीनगर थाना क्षेत्र के हरिदेवेन्द्रम कॉलोनी निवासी ठेकेदार संतोष कुमार चौदहा ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायत पत्र में बताया है कि 17 जुलाई को कलेक्टर सरगुजा के न्यायालय में वे बयान देने गए थे। करीब 3.30 बजे के लगभग वे अपने मित्र मो. अनवर फिरदौसी के साथ न्यायालय परिसर के बाहर निकले, इसी बीच धर्मवीर कुमार सिंह उर्फ छोटन सिंह निवासी वसुंधरा कॉलोनी अंबिकापुर, स्थायी निवासी ग्राम पीपरसोत जिला बलरामपुर-रामानुजगंज मिला और मेरे खिलाफ बहुत शिकायत कर लिए, मेरा शस्त्र लायसेंस छिनवा लिए, अब जिलाबदर के लिए पीछे पड़े हो, कहते हुए बयान बदलने के लिए दबाव बनाने लगा। आरोप है कि बदमाश प्रवृत्ति के धर्मवीर सिंह ने बयान नहीं बदलने पर गाली-गलौज करते हुए अगली पेशी में जिंदा नहीं रहने की धमकी दी है। संतोष चौदहा ने दिए गए आवेदन में बताया है कि छत्तीसगढ़ शासन एवं प्रधानमंत्री कार्यालय दिल्ली तक की गई शिकायत के बाद बलरामपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई जांच के बाद जानकारी मिली कि अनावेदक के विरूद्ध कई अपराधिक प्रकरण लंबित हैं। इसी बीच कलेक्टर सरगुजा के समक्ष उन्होंने धर्मवीर उर्फ छोटन के शस्त्र लायसेंस को निरस्त करने का आग्रह किया, जिस पर संदर्भित व्यक्ति के अपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर उसका शस्त्र लायसेंस आदेश 10 मई 2024 को निरस्त कर दिया गया। इससे तिलमिलाकर वह अपने परिचितों के माध्यम से उसके विरूद्ध कोई शिकायत करने पर भाड़े का शूटर बुलवाकर हत्या करवाने की धमकी देने लगा। ऐसे में ठेकेदार संतोष चौदहा ने जान-माल के खतरा का अंदेशा जताया है, और बताया है कि अनावेदक के विरूद्ध नगर उटारी जिला गढ़वा झारखंड के न्यायालय में हत्या के मामले में केस चल रहा है।


कई अपराधिक प्रकरण हैं लंबित
ठेकेदार संतोष चौदहा ने पुलिस को बताया है कि बलरामपुर पुलिस अधीक्षक के द्वारा की गई जांच के बाद धर्मवीर सिंह उर्फ छोटन सिंह के विरूद्ध कई अपराधिक प्रकरण लंबित होना सामने आया, और जिलाबदर की कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। प्रकरण जांच के लिए जिला दण्डाधिकारी के समक्ष लंबित था। मामले की सुनवाई के बीच 17 जुलाई की शाम को 4 बजे वे जिला दण्डाधिकारी, कलेक्टर सरगुजा के न्यायालय में पुकार के समय उपस्थित हुए, यहां धर्मवीर सिंह भी उपस्थित था। उनके अधिवक्ता ने मामले में तर्क किया, तर्क श्रवण के बाद 31 जुलाई को प्रकरण की आगामी कार्रवाई के लिए तिथि निर्धारित की गई थी। इसके बाद वे न्यायालय कक्ष से बाहर निकल गए। अनावेदक के साथ 3-4 नए व्यक्तियों को देखकर वे रूक गए थे।

ठेकेदार ने लगाए गंभीर आरोप
ठेकेदार संतोष चौदहा का आरोप है कि न्यायालय कक्ष के गेट के पहले ही धर्मवीर सिंह उर्फ छोटन गाली देते हुए कहा, अगली बार तुमको कोर्ट में ही गोली मारूंगा, तब लड़ लेना मुकदमा, इसके बाद वह कोर्ट से बाहर चला गया। शिकायत पत्र में अनावेदक के विरूद्ध कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 232, 296, 351(3) बीएनएस का मामला दर्ज कर लिया है

Categorized in: