तीन घायलों का चल रहा उपचार, 16 वर्षीय किशोरी की स्थिति गंभीर
अंबिकापुर। अंबिकापुर-बनारस मार्ग, नेशनल हाइवे में भगवानपुर के पास शुक्रवार को देर शाम बेकाबू स्कार्पियो वाहन पेड़ से टकरा गई। वाहन में 5 लोग सवार थे। दुर्घटना में वाहन चला रहे युवक और एक किशोरी की मौत हो गई, तीन घायलों का उपचार चल रहा है। एक अन्य किशोरी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर स्वजन अंबिकापुर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव को स्वजन को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक जशपुर जिला के ग्राम जरिया का जतिन राम कुजूर पिता स्व. संतोष राम कुजूर 19 वर्ष, सीतापुर के समर्पण तिर्की का स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 15 ईई 9601 लेकर अंबिकापुर आया था। शुक्रवार को शाम करीब 5 बजे खुशी साहा पिता खगेश साहा 16 वर्ष, निवासी रविन्द्रनगर जयनगर, अनुपम बड़ा पिता अजीत बड़ा 17 वर्ष निवासी बैकुंठपुर, अर्पित बड़ा पिता धनेश्वर राम बड़ा 17 वर्ष निवासी सीतापुर, सारिका मिंज पिता तेजन राम 16 वर्ष निवासी चीताबहार दरिमा स्कार्पियो में सवार होकर जतिन राम कुजूर के साथ ग्राम खलीबा में रहने वाले सामर्थ्य नाम के दोस्त के यहां जाने के लिए निकले थे। घायलों का कहना है कि जाते समय ही तेज रफ्तार स्कार्पियो वाहन से जतिन का नियंत्रण हट गया और गाड़ी की पेड़ से भीषण टक्कर हो गई, इसके बाद क्या हुआ, इससे वे अनभिज्ञ हैं। स्कार्पियो वाहन में सवार लड़कियां जतिन के परिचय की थीं। घटना की सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कार्पियो सवारों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने स्कार्पियो वाहन चला रहे जतिन राम कुजूर को मृत घोषित कर दिया। वहीं सारिका मिंज पिता तेजन राम 16 वर्ष को गंभीर स्थिति में आईसीयू में भर्ती कराया गया है, उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी हादसे में घायल अनुपम बड़ा ने अपने स्वजन को दी। इसके बाद सभी के स्वजनों को घटनाक्रम से पुलिस ने अवगत कराया तो वे अंबिकापुर पहुंचे। खुशी साहा को होलीक्रॉस अस्पताल लाया गया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतिका दो दिन पहले अंबिकापुर के नया बस स्टैंड के पास रहने वाले अपने मामा के यहां आई थी। घायल अनुपम बड़ा और अर्पित बड़ा का होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में उपचार चल रहा है, इनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले में मर्ग कायम करके अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।
दुर्घटना में वाहन के परखच्चे उड़े
वाहन की स्थिति देखने के बाद तेज रफ्तार में स्कार्पियो के होने का अंदाजा पुलिस लगा रही है। हादसे में वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। गाड़ी का गेट लॉक रहने के कारण घायल और मृतकों को वाहन के अंदर से निकालने पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे और कोहराम की स्थिति बन गई।
घायल हैं स्कूली छात्र
दुर्घटना में घायल अनुपम बड़ा 17 वर्ष, गांधीनगर थाना क्षेत्र के पटेलपारा अंबिकापुर में बुआ के यहां रहकर सनराइज स्कूल में वहीं अर्पित बड़ा गांधीनगर में रहकर सिद्धार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में कक्षा 12वीं में पढ़ाई कर रहा है। मृतिका खुशी साहा कक्षा 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी है। हादसे से घायल छात्र भी सहमे हुए हैं।

Categorized in: