बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के वाड्रफनगर क्षेत्र के प्रसिद्ध शंकर मंदिर से माता पार्वती की संगमरमर की मूर्ति चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मामले में अपराध क्रमांक 131/25, धारा 331(4), 305(घ) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी जैनेंद्र मिश्रा ने चौकी वाड्रफनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि बीते शनिवार की रात लगभग 9 बजे पूजा-अर्चना करने के बाद वे मंदिर का दरवाजा बंद करके अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 5 बजे जब वे मंदिर पहुंचे तो दरवाजा खुला था और अंदर स्थापित माता पार्वती की लगभग 8 हजार रुपये मूल्य की संगमरमर की मूर्ति गायब थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना में लिया था। छानबीन के दौरान पुलिस ने संदेहास्पद गतिविधियों के आधार पर करमडीहा निवासी छोटेलाल कन्नौजिया पिता राम अवतार कन्नौजिया, 46 वर्ष को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि वह मूर्ति चुराकर वाड्रफनगर वार्ड क्रमांक 4 में स्थित अपने घर में छिपा करके रखा है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी गई माता पार्वती की मूर्ति बरामद कर ली है। आरोपी छोटेलाल कन्नौजिया को गिरफ्तार करके न्यायालय वाड्रफनगर में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Categorized in: