राजेन्द्र ठाकुर बलरामपुर

बलरामपुर प्रदेश में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के संयुक्त जिला कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। पार्टी की प्रदेश संयुक्त सचिव नीलम ठाकुर के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में बलरामपुर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं की ओर शासन का ध्यान आकर्षित कराया गया बलरामपुर जिला  महासचिव चन्द्रशेखर पोर्ते एवं पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता सुग्रीव राम भी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में बेहद दयनीय स्थिति में पहुंच गई है। प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित जिला अस्पतालों में चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं और आधुनिक जांच उपकरणों की भारी कमी है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि कई अस्पतालों में स्थायी डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हो पाई है, और जो संसाधन उपलब्ध हैं वे भी पर्याप्त नहीं हैं। एम्बुलेंस की संख्या कम है, इमारतें जर्जर हालत में हैं और साफ-सफाई की हालत बेहद खराब है। X-ray, ECG, सोनोग्राफी जैसी बुनियादी सुविधाएं कई जगहों पर उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा, समय पर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की मनमानी और मरीजों के साथ दुर्व्यवहार आम हो गया है।
‘आप’ ने सरकार से बलरामपुर जिला अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्त्री रोग विशेषज्ञों एवं रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति, सभी आवश्यक उपकरणों एवं दवाओं की सतत आपूर्ति, एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने तथा अस्पतालों की मरम्मत व स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी तय कर लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।

Categorized in: