अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस टीम ने साइबर ठगी के मामले में प्रयुक्त म्यूल खाताधारक को गिरफ्तार किया है और आरोपी के विरुद्ध ठगी की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। आरोपी म्यूल एकाउंट के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों से संबंधित मामलों में रकम लेन-देन की घटना में शामिल रहा। आरोपी अपने म्यूल खाते में साइबर ठगी का 16 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि प्राप्त किया था।
जानकारी के मुताबिक भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची अनुसार म्यूल अकाउंट खाताधारकों के विरुद्ध सख़्ती से कार्रवाई करने के संबंध में पुलिस मुख्यालय रायपुर से दिशा-निर्देश प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में म्यूल एकाउंट खाताधारक सुधीर कुमार शर्मा का ईसाफ बैंक के खाता में ऑनलाइन फ्रॉड की रकम आने के शिकायत पर मामले को संज्ञान मे लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा थाना गांधीनगर पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम उक्त बैंक खाते का स्टेटमेण्ट प्राप्त की तो सामने आया कि कुल 4 शिकायतों में देश के अलग-अलग राज्य से संबंधित ऑनलाइन साइबर ठगी का कुल 16 लाख 50 हजार रुपये सुधीर कुमार शर्मा अपने ईसाफ बैंक के खाते में प्राप्त किया है। पुलिस ने पाया कि खाताधारक ने सुनियोजित तरीके से अवैध धन अर्जित करने के उद्देश्य से स्वयं के म्यूल एकाउंट का उपयोग ऑनलाइन साइबर ठग गिरोह के लिए किया है। खाताधारक के विरुद्ध थाना गांधीनगर में धारा 318(4), 319(2), 317(4) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने आरोपी सुधीर कुमार शर्मा पिता स्व. नरेशचंद शर्मा 42 वर्ष निवासी शारदा धाम के पीछे नमनाकला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, साइबर सेल से सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा व विपिन तिवारी, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान व सुधीर सिंह, आरक्षक वीरेंद्र पैकरा, अनुज जायसवाल, रमेश राजवाड़े, अशोक यादव, लालदेव पैकरा, जितेश साहू, मनीष सिंह, अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।

Categorized in: