बिश्रामपुर। तीन साल पुराने एक सनसनीखेज मामले में बिश्रामपुर पुलिस ने साइबर अपराध और यौन शोषण की गंभीर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी युवक को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि आरोपी 25 वर्षीय मनीष कुमार पिता सुरेश राय निवासी छपरा बिहार पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया पर बदनाम करने जैसे गंभीर आरोप हैं। यह मामला वर्ष 2022 का है। पीड़िता अपने रिश्तेदार के विवाह में छपरा गई थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी मनीष से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई।उसी साल दिसंबर 2022 में मनीष बिश्रामपुर आया और नाबालिग होने के बावजूद लड़की को झांसे में लेकर उससे संबंध बनाए। इस दौरान उसने गुपचुप तरीके से उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के मानसिक और आर्थिक शोषण का सिलसिला शुरू कर दिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी मनीष उससे लगातार पैसे ऐंठता रहा। नाबालिग पीड़िता ने डर के चलते कई बार यूपीआई और नकद के जरिए उसे पैसे भी दिए। यही नहीं आरोपी ने इंस्टाग्राम पर पीड़िता के नाम से फर्जी आईडी बनाकर उसकी तस्वीरें व आपत्तिजनक मैसेज पोस्ट कर उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। जब आरोपी ने न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी दे डाली तब पीड़िता ने अंततः साहस जुटाकर 14 जून को बिश्रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। बिश्रामपुर पुलिस की टीम ने तत्काल साइबर लोकेशन ट्रैक की और हरियाणा के फरीदाबाद से आरोपी मनीष को धर दबोचा है। एएसआई अविनाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 384, 509, आईटी एक्ट की धारा 67 बी तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को आवश्यक प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

Categorized in: