मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । एमसीबी जिले का नवनिर्मित जिला अस्पताल की बाउंड्रीवॉल पहली बारिश में ही धरासायी होकर गिर गई जिससे भ्रष्टाचार की पोल खुलकर सामने आ गई। वहीं भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भारी भ्रष्टाचार किये जाने की आशंका व्यक्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार एमसीबी जिले का नवनिर्मित जिला अस्पताल चिरमिरी का कुछ समय पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण चिरमिरी में किया था। जबकि जिला अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया था आधे अधूरे कार्य के बीच आनन-फानन में अस्पताल का लोकार्पण करा दिया गया । सुविधाओं का अभाव झेल रहे जिला अस्पताल चिरमिरी की बाउंड्रीवॉल पहली ही वारिश में धरासायी होकर गिर गई। जिला अस्पताल में समुचित ईलाज की व्यवस्था न होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी हो रही है । पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सोशल मीडिया में चिरमिरी स्थित नवनिर्मित जिला अस्पताल का वीडियो देखकर वहां की दुर्दशा पर गहरा रोष प्रगट किया है। उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल का निर्माण स्वास्थ्य सेवा के विस्तार के उद्देश्य से किया गया था वह पहली ही बारिश में थूक-पॉलिश और आधी-अधूरी रिपेयरिंग की पोल खोल रहा है। सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि जिला अस्पताल में अभी तक निर्माण कार्य अधूरा रहकर चल रहा है। जिला अस्पताल के बाथरूमों में ताले लगे हैं और अंडर कंस्ट्रक्शन के बोर्ड अब भी लगे हुए हैं। इसके बावजूद अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन कर दिया गया। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया में वायरल हुए एक वीडियो में देखा गया कि भारी बारिश के बाद अस्पताल परिसर में भारी जलभराव हो गया था और परिसर तालाब जैसा दिखाई दे रहा था । पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि क्या स्वास्थ्य सेवाओं को इस प्रकार की रिपेयरिंग और दिखावटी उद्घाटन के भरोसे छोड़ा जाएगा? उन्होंने क्षेत्रीय विधायक और स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए । “जब मंत्री खुद इसी क्षेत्र से हैं, तब इतनी लापरवाही क्यों? क्या आम जनता की जान जोखिम में डालकर इस अस्पताल को केवल दिखावे के लिए खोला गया है।स्थानीय नागरिकों में भी अस्पताल की स्थिति को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि ऐसी ही हालत रही तो मरीजों का ईलाज होना भगवान भरोसे पर निर्भर रहेगा । स्वास्थ्य के मंदिर में भी भ्रष्टाचार की आशंका व्यक्त की जा रही है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि प्रदेश का स्वास्थ्य मंत्री मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से है और वहां के मरीज बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के लिए तरस रहे हैं प्रश्न तो उठता है।

Categorized in: