शुक्रवार को देर रात रायपुर से सीतापुर पहुंचे विधायक सीधे मौके पर पहुंचे
अंबिकापुर। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ढोढागांव अंतर्गत मैनी नदी में एक ही परिवार के दो महिला व दो बच्चों के बह जाने के मामले में रेस्क्यू टीम का अभियान अभी भी जारी है। शुक्रवार को देर रात सोमारी नामक महिला का शव एसडीआरएफ की टीम को पत्थरों के बीच फंसा मिला था, लेकिन पानी का तेज बहाव होने के कारण शव को निकालने कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एक व्यक्ति नदी के तेज बहाव में शव को निकालने का प्रयास किया लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में फंस गया था, जिसे रस्सी के सहारे बमुश्किल बाहर निकाला गया। एक महिला के शव की बरामदगी के बाद अंकिता और उसके दो बच्चे बिनावती 8 वर्ष और अरसय 3 वर्ष की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी है। प्रशासन व पुलिस की टीम निरंतर मौके पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए रेस्क्यू में लगी टीम का हौसला बढ़ाने में लगी है। गांव के लोगों को नदी के उफान पर रहने की स्थिति में नदी पार नहीं करने सचेत किया जा रहा है। इधर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी शुक्रवार को देर शाम रायपुर से सीतापुर पहुंचने के बाद सीधे घटनास्थल पहुंचे और घटनाक्रम की पूरी जानकारी लेने के बाद देर रात तक मौके पर डटे रहे। विधायक ने कहा दुख की घड़ी में हम पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

Categorized in: