कार या एसयूवी आजकल लोगों की अधूरी ख्वाहिशें पूरी करने का जरिया बन गई हैं। अब आप सोचेंगे कि आखिरकार लोगों को ऐसी कौन सी ख्वाहिशें हैं, जो कार से पूरी होती हैं तो आपको बता दें कि कार से किसी वीकेंड या छुट्टी में किसी खूबसूरत जगह पर निकल सुकून की तलाश में जाने वाले लाखों लोग हैं। लेकिन इन डेस्टिनेशंस तक तो आप कार से ही जाएंगे ना और अगर बेहतरीन सड़कें मिले और जन्नत से नजारे दिखे तो फिर आपका सफर मंजिल से भी खूबसूरत हो जाएगा। तो चलिए, आज हम आपको भारत की 10 सबसे बेहतरीन ड्राइविंग रोड्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अपनी खूबसूरती और शानदार रोड क्वॉलिटी के लिए मशहूर हैं। आप भी अगर रोड ट्रिप्स के शौकीन हैं तो इन रास्तों पर कार चलाना आपको जिंदगी भर याद रहेगा।

जयपुर से उदयपुर


देश के ज्यादातर राज्यों में बारिश शुरू हो चुकी है और ऐसे में मौसम काफी सुहाना हो गया है। मॉनसून के मौसम में वैसे भी खूबसूरत रास्तों पर कार चलाने का मजा दोगुना हो जाता है। ऐसे में जब आप कार से जयपुर से उदयपुर का सफर पूरा करेंगे तो यह किसी खूबसूरत सपने माफिक लगेगा। राजस्थान के दिल से गुजरता यह सफर इतिहास और सांस्कृतिक झलकियों से भरा पड़ा है। पुराने किलों, झीलों और गांवों को पार करते हुए यह रोड ट्रिप आपको राजशाही फील देती है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे


देश की सबसे खूबसूरत सड़कों की बात हो और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का नाम ना आए, यह कैसे हो सकता है। भारत की पहली 6 लेन वाली एक्सप्रेसवे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बेहद चिकनी और सुरक्षित सड़क मानी जाती है। हरे-भरे पहाड़, घाट और सुरंगों से गुजरते हुए यह रास्ता ड्राइविंग के शौकीनों के लिए किसी सपने जैसा है।

बेंगलुरु-पुणे हाइवे


बेंगलुरु से पुणे के दौरान जिन-जिन रास्तों पर आप सफर करते हैं, वो आपको बिल्कुल अलग ही फील देते हैं। अच्छी सड़कें और खूबसूरत हरियाली इस सफर को और भी मनमोहक बना देती है। ऐसे में आप भी अगर इन दिनों रोड ट्रिप का प्लान बना रहे हैं तो इन 10 रूट्स पर जरूर जाएं और सफर को यादगार बनाएं।

गुवाहाटी से तवांग


भारत के उत्तरी-पूर्वी राज्यों में काफी सारे रास्ते ऐसे हैं, जिनपर कार चलाने में बहुत मजा आता है। ऐसे ही रास्तों में एक है असम के गुवाहाटी से अरुणाचल प्रदेश के तवांग कर का रूट है। यह पहाड़ी रास्ता हिमालय की गोद में बसा हुआ है और हर मोड़ पर नई खूबसूरती से रूबरू कराता है। ऊंचे पहाड़, झरने और बर्फ से ढके नजारे इसे एक रोमांचकारी रोड ट्रिप बनाते हैं।

चेन्नै से पुडुचेरी


बंगाल की खाड़ी के किनारे-किनारे चलता यह रास्ता आपको समुद्र के तटीय सौंदर्य का अनुभव कराता है। चेन्नै से पुडुचेरी के सफर को सूरज की रोशनी में चमकती लहरें और समुद्र की ठंडी हवाएं बेहद खास बना देती हैं।

रामेश्वरम से पंबन ब्रिज


समुद्र के ऊपर बना पंबन ब्रिज एक अद्भुत इंजीनियरिंग मिरैकल है। जब आप रामेश्वरम से पंबन ब्रिज की तरफ ड्राइव करते हैं तो दोनों ओर फैला हुआ नीला समुद्र मन मोह लेता है। यह सफर बेहद खास और रोमांचक होता है।

शिलॉन्ग से चेरापूंजी


भारत के सबसे ज्यादा बारिश वाले इलाके चेरापूंजी की ओर जाता यह रास्ता हरियाली, झरनों और कोहरे से ढका होता है। मेघायल की राजधानी शिलॉन्ग से चेरापूंजी के रास्तों पर ड्राइविंग करते वक्त आप खुद को बादलों के बीच पाते हैं और लगता है कि हवा के साथ आप और आपकी कार भी बह रही है।

विशाखापत्तनम से अराकू वैली


विशाखापत्तनम से अराकू वैली जाने के दौरान आपको इतनी खूबसूरत सड़कें मिलती हैं कि आप मंजिल की बजाय सफर को ही पूरी तरह एंजॉय करने लगते हैं। ईस्टर्न घाट की हरियाली से भरपूर यह रास्ता बेहद शांत और मनोरम है। खूबसूरत घाटियां, झरने और झूमते पेड़ों के बीच से गुजरता हुआ यह सफर किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता।

मनाली-लेह हाइवे


आप अगर रोमांच और एडवेंचर के शौकीन है और कार से ऐसे रास्तों पर यादगार सफर चाहते हैं तो मनाली-लेह हाइवे आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए और यहां आपको जीवनभर की यादें मिलेंगी। बर्फ से ढके पहाड़, ऊंचे दर्रे और शानदार नजारे इस सफर को इतना सुंदर और रोमांचक बना देते हैं कि पूछिए मत।

बेंगलुरु से ऊटी


रोड ट्रिप करने वालों के लिए बेंगलुरु से ऊटी का रास्ता काफी शानदार है। यह रूट अपने 36 हेयरपिन बेंड्स के लिए पॉपुलर है। चाय के बागानों, हरियाली और ठंडी हवाओं के साथ यह सफर आपको प्रकृति के बेहद करीब ले जाता है। ऊटी की ओर जाते हुए यह ड्राइव बेहद रोमांचकारी हो जाती है।

Categorized in: