अंबिकापुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि श्री सिंहदेव की नकारात्मक और तथ्यहीन बयानबाजी केवल राजनीतिक कुंठा का परिणाम है। केंद्र और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने किसानों की समृद्धि और प्रदेश के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा है कि वर्ष 2024-25 में केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए 5 हजार करोड़ रुपये की कृषि सहायता प्रदान की, जिसमें से 1,200 करोड़ रुपये सरगुजा संभाग के लिए आवंटित किए गए हैं। पीएम-किसान योजना के तहत सरगुजा के 2.5 लाख किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में दे रही है। नैनो-डीएपी और नैनो-यूरिया जैसी नवाचार योजनाओं ने खाद की लागत को 30 प्रतिशत तक कम किया है, जिससे पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा मिला है। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार ने खरीफ 2024-25 में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीद 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित की, जिससे लाखों किसानों को लाभ हुआ। टीएस सिंहदेव ने सरगुजा में डीएपी और यूरिया की कमी का आरोप लगाया, जो पूरी तरह भ्रामक है। सिंचित भूमि को असिंचित घोषित करने का दावा भ्रामक है। सिंहदेव का दावा कि 40 हजार हेक्टेयर सिंचित भूमि को असिंचित घोषित किया गया, तथ्यों से परे है। इसके साथ ही उन्होंने अन्य तथ्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला है, और टीएस सिंहदेव के सारे आरोपों को एक सिरे से भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए खारिज करते हुए कहा है कि भ्रामक बयानबाजी केवल नकारात्मकता और राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
भाजपा में पद मांगने से नहीं, पात्रता से मिलता है
भारत सिंह सिसोदिया ने कहा है कि जहां तक रेणुका सिंह और लता उसेंडी का प्रश्न है भाजपा में योग्य कार्यकर्ताओं का सम्मान होता रहा है और उचित समय आने पर उन्हें जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। भाजपा में पद मांगने से नहीं, पात्रता से मिलता हैं, यहां कांग्रेस की तरह दरबारी संस्कृति नहीं है। टीएस सिंह देव को इसकी चिंता करने की ज़रूरत नहीं है, उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए।

Categorized in: