अंबिकापुर। सरगुजा जिला के लुण्ड्रा थाना अंतर्गत ग्राम किरकिमा में ससुर ने बहू की नृशंस हत्या करने के बाद शव को घर से करीब 100 मीटर दूर दफना दिया। पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी घटना को अंजाम देने की वजह खाना देने से बहू के द्वारा मना करना बता रहा है। घटना की रिपोर्ट आरोपी के पुत्र ने लुण्ड्रा थाना में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड में भेज दिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी एवं गड्ढा खोदने में प्रयुक्त फावड़ा पुलिस ने जप्त कर लिया है। पुलिस टीम ने एसडीएम धौरपुर की उपस्थिति में गवाहों के समक्ष शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।

ग्राम चलगली ईमलीटिकरा निवासी ईश्वर राम ने पुलिस को बताया है कि 16 जून को दोपहर 2.30 बजे वह नदी में मछली मारने गया था, घर में उसकी पत्नि सरस्वती अकेले थी, उसके पिता पनमेश्वर गांव तरफ गए थे। मछली मारकर शाम को लगभग 4.30 बजे जब वह घर वापस आया तो अंदर परछी में जमीन पर खून गिरा था और उसकी पत्नि नजर नहीं आ रही थी। घर के आस-पास खोजबीन करने पर उसकी नजर पिता पनमेश्वर कोरवा पर पड़ी जो घर से करीब 100 मीटर दूर बाड़ी में फावड़ा से गड्ढा को भरने में लगे थे। इस नजारा को बेचू नागेश भी देखा और संदेह होने पर हल्ला करके धनसाय नागेश, बागर साय कोरवा, फुलचन्द नागेश, राजू नागेश को बुलाया और घर के परछी में खून व पत्नी के गायब होने की जानकारी वह दिया। जब वह अपनी पत्नी के बारे में पिता पनमेश्वर कोरवा से पूछताछ किया तो वह बताया कि बहू खाना नहीं दी तो वह टांगी से मारकर उसकी हत्या कर दिया है और लाश को गड्ढा खोदकर दफना दिया है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी पनमेश्वर पिता तसील 55 वर्ष निवासी चलगली ईमलीटिकरा को कब्जे में लेकर बाड़ी में गड्ढा खोदकर गाड़े गए बहू सरस्वती का खून से लथपथ शव को बरामद कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मामले में थाना लुंड्रा में धारा 103(1), 238 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लुन्ड्रा उप निरीक्षक आर.एन. पटेल, सहायक उप निरीक्षक शिवचरण साहू, प्रधान आरक्षक जितेंद्र भगत, आरक्षक इबनुल खान, धीरेन्द्र कुमार सिंह, शिव प्रसाद खलखो, वीरेंद्र खलखो, निरंजन बड़ा सक्रिय रहे।

Categorized in: