अंबिकापुर। शहर के शंकरघाट में स्थित मोड़ के पास सोमवार की दोपहर एलपीजी गैस सिलिंडर लोड ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार कक्षा 12वीं की छात्रा मौके पर दम तोड़ दी। जबकि कक्षा 12वीं गए युवक और कॉलेज में पड़ने वाली उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक अनिल पैकरा पिता शिवबरन पैकरा 18 वर्ष, लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरडीह का रहने वाला है। सोमवार को वह अपनी बहन दीपा पैकरा 22 वर्ष व गांव की ही करिश्मा 18 वर्ष के साथ बाइक से घूमने अंबिकापुर आए थे। काम खत्म होने के बाद तीनों वापस घर जा रहे थे। बांस बाड़ी से होते हुए वे राजपुर रोड पहुंच पाते, तभी टर्निंग के पास पीछे से आ रहे एलपीजी गैस सिलिंडर लोट ट्रक क्रमांक सीजी 15 ए 7482 ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक ट्रक के नीचे घुस गया और ट्रक के पहिए के नीचे आने से बाइक के पीछे बैठी करिश्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में भाई-बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पीछे से दूसरे मोटरसायकल में आ रहे गांव के ही लोगों ने अपनी आंखों से जब इस वीभत्स नजारे को देखा तो वे भौचक रह गए। आननफानन में उन्होंने इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को दी। स्वजनों के अस्पताल पहुंचने पर कोहराम की स्थिति बन गई। इधर घटना की सूचना मिलने पर मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

Categorized in: