अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के थाना राजपुर क्षेत्र में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की आड़ में अवैध वसूली करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। 12 जून को मुख्य सड़क पर वाहनों की जांच के दौरान अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज ने तत्काल प्रभाव से थाना राजपुर में पदस्थ 6 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है, सभी को रक्षित केंद्र बलरामपुर में संबद्ध किया गया है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मी में सहायक उप निरीक्षक प्रकाश तिर्की, प्रधान आरक्षक 268 कलेश पैकरा, प्रधान आरक्षक 835 शिवलाल कुजूर, आरक्षक 773 नरेश तिर्की, आरक्षक 856 राकेश टोप्पो और आरक्षक चालक 966 अजय टोप्पो शामिल हैं। घटना की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 12 जून को थाना राजपुर के सामने मुख्य मार्ग पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों की जांच के दौरान कुछ वाहन चालकों द्वारा अवैध वसूली की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर ने तत्काल जांच कराई और प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सभी 6 पुलिस कर्मियों के निलंबन की कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने जिले के समस्त पुलिस बल को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की अनैतिक गतिविधि या अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन पर आमजन का भरोसा बहाल करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Categorized in: