सशस्त्र बल के जवान सहित अन्य कई पीड़ितों ने दर्ज रिपोर्ट में कड़ा से हमला का किया उल्लेख
अंबिकापुर। हाथ में कड़ा पहनना सिर्फ फैशन नहीं बल्कि कई दृष्टि से उपयोगी भी माना गया है। युवा वर्ग अधिकतर हाथ में मोटा कड़ा पहने मिल जाएंगे, लेकिन वर्तमान में मारपीट के दौरान हाथ में पहने कड़ा का अस्त्र-शस्त्र के रूप में बढ़ा प्रचलन हलाकान करने वाला है। कई ऐसे मामले अंबिकापुर सहित सरगुजा जिला के विभिन्न थाना क्षेत्र से सामने आ चुके हैं, जिसमें कड़ा से सिर में जानलेवा हमला करके चोट पहुंचाना पीड़ित पक्ष ने बताया है। ऐसा ही दो और मामला सामने आया है, जिसमें हाथ में पहने कड़ा से किए गए वार से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान सहित अन्य लोग घायल हो गए।
सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम उडुमकेला निवासी लालबहादुर सिंह ने पुलिस को बताया है कि वह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 9वीं बटालियन दन्तेवाडा में आरक्षक के पद पर पदस्थ है और वर्तमान में बलौदाबाजार जिला में कार्यरत है। अवकाश में वह गृह ग्राम उडुमकेला आया है। इस दौरान पता चला कि गांव में सुदेशीराम पैकरा और ठिबू निवासी ग्राम वंदना और उसके साथियों के बीच झगड़ा हुआ था, इसे लेकर गांव में 3 जून को सुबह 10 बजे मीटिंग रखा गया था, जिसमें वह भी शामिल हुआ था। मीटिंग में ठिबू भी आया था। गांव के लोगों से मारपीट होने के कारण वह वंदना से आए ठिबू व साथियों को जुर्माना भरवाकर छोड़ने के लिए कहा था। इससे ठिबू और उसके साथी नाराज हो गए। इसी दिनांक को वह अपने दोस्त देवशंकर के साथ लगभग 6.30 बजे कोट बाजार गया था। बाजार से वापस घर आते समय रात 8 बजे उडुमकेला में बजरंग पुलिया के पास ठिबू पिता स्व. नईहर साय, देवाशिष पिता परमानंद और उसके साथी रास्ता रोक लिए और यही मीटिंग में जुर्माना भरने के लिए बोल रहा था, कहते हुए गालीगलौज और मारपीट करने लगे। इस दौरान ठीबू पैकरा हाथ में पहना कड़ा से सिर में हमला कर दिया वहीं देवाशिष पिता परमानंद और उसके साथी डंडा से मारपीट करने के बाद भाग गए। मारपीट में लालबहादुर को सिर व सीना में चोट आई है। दूसरी घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है। 2 जून को रजवार पारा लखनपुर में राजेन्द्र राजवाड़े के घर में ग्राम पुहपुटरा से बारात आया था, जिसमे डीजे बज रहा था। बारात में श्याम नारायण यादव अपने दोस्त यशवंत राजवाड़े, अनिकेत गुप्ता, महेन्द्र चेरवा व गांव के अन्य लोगों के साथ नाच रहा था। रात 11 से 12 बजे के बीच नाचते समय ग्राम पुहपुटरा से आए बाराती डीजे में गाना बजाने की बात कहते हुए धक्का-मुक्की करते हुए गालीगलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर जान से मारने की धमकी देकर मारपीट पर उतारू हो गए। इसी दौरान एक व्यक्ति श्याम नारायण व यशवंत के सिर, मुंह में हाथ में पहने हुए कड़ा से हमला कर दिया। मारपीट में अन्य लोग भी घायल हुए हैं। रिपोर्ट पर केस दर्ज करके पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: